world-news

जियो के आईपीओ को दूसरे दिन 5.57 गुना बोलियां मिलीं, कुल मांग 3.73 लाख करोड़ रुपये पर पहुंची | IBC24

October 22, 2026

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज की इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लि. के आईपीओ को निवेशकों से जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली है। कुल 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को दूसरे दिन 3.73 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं।

संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग के साथ निर्गम को पेशकश के मुकाबले 5.57 गुना बोलियां मिलीं।

शेयर बाजारों के आंकड़ों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को दूसरे दिन कुल मिलाकर 5.57 गुना बोलियां मिल चुकी हैं। निवेशकों ने पेश किए गए 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 110 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं।

पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की ओर से सबसे अधिक मांग आई। इस श्रेणी में 13.29 गुना अभिदान मिला।

वहीं गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के लिए आरक्षित हिस्से को 5.97 गुना बोली मिली। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों की श्रेणी में 1.54 गुना बोली मिली।

कर्मचारियों की श्रेणी में 2.10 गुना और शेयरधारकों के लिए आरक्षित हिस्से को 4.05 गुना अभिदान मिला है।

बड़े निवेशकों को आवंटित शेयरों को छोड़कर शेष हिस्से के लिए कुल 1.23 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं।

इससे पहले जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 अक्टूबर को 212 बड़े निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर की दर से शेयर आवंटित किए गए। यह मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा है।

मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, बड़े निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिली थीं। यह उपलब्ध आवंटन के 30 गुना से भी ज्यादा थीं। इन निवेशकों में ब्लैकरॉक, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, जीआईसी और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसे वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधक और सरकारी निवेश कोष शामिल थे।

रिलायंस की 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को अपना आईपीओ पेश किया था। कंपनी ने प्रति शेयर 1,065 से 1,119 रुपये के मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। आईपीओ के तहत पूरी तरह नए 27 करोड़ शेयर जारी किए गए हैं।

इस निर्गम में मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड या उसके अन्य मौजूदा शेयरधारक कोई शेयर नहीं बेच रहे हैं।

जियो प्लेटफॉर्म्स की योजना निर्गम से प्राप्त राशि में से 27,500 करोड़ रुपये तक का उपयोग अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी रिलायंस जियो इन्फोकॉम का कर्ज चुकाने में करने की है। शेष राशि का उपयोग पूंजीगत व्यय, प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल सेवाओं में निवेश और कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।

उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर, 15,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने वाले भारतीय आईपीओ में जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के निर्गम को सबसे अधिक बोलियां मिली हैं। निवेशकों ने पेशकश के मुकाबले 5.5 गुना से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं।

आईपीओ 23 अक्टूबर को बंद होगा और कंपनी के शेयरों के 28 अक्टूबर को बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को निर्गम खुलने के 100 मिनट के भीतर ही इसे पूर्ण अभिदान मिल गया था। इसके साथ ही यह भारत में सबसे तेजी से पूरी बोली हासिल करने वाला आईपीओ बन गया।

जियो के आईपीओ के लिए प्रति शेयर मूल्य दायरा 1,065 से 1,119 रुपये तय किया गया है। ऊपरी मूल्य पर जियो प्लेटफॉर्म्स का मूल्यांकन करीब 108 अरब डॉलर बैठता है।

भाषा रमण अजय

अजय

Web Title: जियो के आईपीओ को दूसरे दिन 5.57 गुना बोलियां मिलीं, कुल मांग 3.73 लाख करोड़ रुपये पर पहुंची