Nainital Road Accident: उत्तराखंड में नैनीताल के रामनगर में देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया. यहां नशे में बताए जा रहे एक कार चालक ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में एक शोकाकुल परिवार के घर के बाहर बैठे पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
एक घायल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया है. घटना देर रात करीब एक बजे की है. एक युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था. रामनगर-रानीखेत रोड पर जैन कॉन्फेंसनर्रे के मालिक को कार ने जोरदार टक्कर मार दी.
घायल युवक ने क्या बताया?
हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद कार चालक तेज रफ्तार में तेलीपुरा क्षेत्र पहुंचा, जहां एक परिवार में बुजुर्ग के इंतकाल के बाद परिजन घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे. इसी दौरान बेकाबू कार ने वहां बैठे पांच लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया. घायल युवक ने बताया कि हम लोग यहां अपने बाबूजी के इंतकाल के बाद शोक में बैठे थे, अचानक कार करीब 80-90 की स्पीड में आई.
युवक ने बताया कि पहले उसने बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद हम लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हम पांच भाई घायल हुए हैं. तीन लोग यहां हैं. एक काशीपुर के अस्पताल में है और एक रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती है. हादसे में तीन बाइकें कार की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक अन्य कार को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
घायलों में से एक की हालत गंभीर
घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. घायल युवक के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक को मौके पर पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त चालक नशे में था या नहीं और कार की रफ्तार कितनी थी. एक ही कार से लगातार दो स्थानों पर हुए हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
ये भी पढ़ें: हरीश रावत के कैंपेन पर कांग्रेस का ब्रेक? वेणुगोपाल बोले- पार्टी के बैनर तले ही होगा अभियान

नमित अग्रवाल
नमित अग्रवाल उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मौजूद रामनगर (जिम कॉर्बेट) के रहने वाले हैं. वो पिछले 6 वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इस दौरान उन्होंने जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता, तथ्यपरकता और संवेदनशीलता के साथ प्रमुखता से उठाने का निरंतर प्रयास किया है. उन्होंने Live News 24, TV100, स्वदेश, खबरें अभी तक और News India सहित विभिन्न समाचार संस्थानों के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया है. रामनगर, कालाढूंगी, सल्ट तथा आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, पर्यावरण, वन्यजीव, पर्यटन, शिक्षा और अपराध जैसे विविध विषयों पर अनेक ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव कवरेज और विशेष समाचार रिपोर्ट पेश की हैं.
Read More