world-news

सीएम भजनलाल बोले- सरकारी नौकरी के पीछे नहीं भागें: रोजगार देने वाले बनें; पिछली सरकार में पेपर लीक होते थे, हमनें 415 परीक्षाएं करवाईं - Jaipur News

October 6, 2026

अलंकार कॉलेज पहुंचने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया।

सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को युवाओं के लिए कहा है कि सरकारी नौकरी के पीछे ही नहीं भागें, बल्कि अपने कौशल और प्रतिभा के दम पर रोजगार देने वाले बनें। सरकार युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।

.

सीएम जयपुर के सिरसी रोड स्थित अलंकार महिला पीजी कॉलेज में 51वीं सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का समापन समारोह में बोल रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा- पिछली सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि उनकी सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में 415 परीक्षाएं आयोजित हुई हैं। एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।

उन्होंने कहा- योग राजस्थान ही नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन संस्कृति और अनमोल धरोहर है। आज छोटे बच्चे और युवा योग को केवल अभ्यास के तौर पर नहीं, बल्कि प्रतियोगिता के रूप में भी अपना रहे हैं। जयपुर में 3 से 6 अक्टूबर तक 51वीं सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप आयोजित की गई, जिसमें देशभर से खिलाड़ी पहुंचे।

जयपुर के अलंकार कॉलेज में आयोजित टूर्नामेंट में देशभर के अलग-अलग राज्यों की टीम ने हिस्सा लिया।

जयपुर के अलंकार कॉलेज में आयोजित टूर्नामेंट में देशभर के अलग-अलग राज्यों की टीम ने हिस्सा लिया।

योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का काम करता

CM भजनलाल शर्मा ने कहा- योग और प्राणायाम आज करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का काम करता है। योग को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है और योग अब भारत की सीमाओं से निकलकर विश्व को जोड़ने का माध्यम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि कर्म की कुशलता ही वास्तविक योग है। जीवन में योग को अपनाने से शरीर स्वस्थ और मजबूत रहता है, तनाव कम होता है और सकारात्मकता बढ़ती है। मुख्यमंत्री ने बच्चों की एकाग्रता, अनुशासन और योग के प्रति उनकी रुचि की भी सराहना की।

स्टूडेंट्स ने अलग-अलग योग करके दिखाए।

स्टूडेंट्स ने अलग-अलग योग करके दिखाए।

बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक 415 परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं। इनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। हाल के एक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक कराने का दावा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास और नई भाषाएं सीखने के लिए भी प्रेरित किया। जयपुर में पांच विदेशी भाषाएं सीखने के सेंटर शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को अपनी क्षमताएं बढ़ानी होंगी।

समारोह में सांसद राव राजेंद्र सिंह, भाजपा नेता लालचंद कटारिया, राजेंद्र यादव, पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल और भाजपा जयपुर देहात जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।