Long Drive Tips: लॉंग राइड पर जाने से पहले गाड़ी के टायर, इंजन ऑयल, ब्रेक, बैटरी और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जांच जरूर करें जिससे सफर सुरक्षित रहे। ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
ऑटो डेस्क, दिल्ली। लॉंग ड्राइव और रोड ट्रिप का असली मजा तभी आता है जब सफर बिनी किसी समस्या के पूरा हो। अक्सर लोग सफर को जल्दबाजी में कार या बाइक की कुछ चीजों की जांच करने भूल जाते हैं जिसका खामियाजा रास्ते में भुगतना पड़ता है। अगर आप भी दोस्तों या फैमिली के साथ रोड-ट्रिप का प्लान कर रहे हैं तो पहले इन 5 बातों को जान लें।
टायर प्रेशर और स्टेपनी
सफर शुरू करने से पहले अपनी गाड़ी के सभी टायरों की हवा चेक करा लें। सही प्रेशर रहने से गाड़ी की ग्रिप अच्छी रहती है और माइलेज भी बेहतर मिलता है। इसके साथ ही, यह भी ख्याल रखें कि आपके पास स्पेयर टायर सही हालत में है और उसका भी एयर प्रेशर सही हो। साथ ही, बेसिक टूलकिट को साथ ले जाना भूलें।
इंजन ऑयल और फ्लूइड्स
लंबे सफर पर निकलने से पहले गाड़ी का इंजन ऑयल लेवल जरूर चेक करें। अगर ऑयल काला पड़ गया है या लेवल से कम हो गया है तो उसे बदल लें। इसके अलावा कूलेंट, ब्रेक ऑयल और वाइपर वॉटर टैंक को भी पूरी तरह भरकर रखें। कूलेंट सही रहने से लंबी ड्राइविंग के दौरान आपकी गाड़ी ओवरहीटिंग से सुरक्षित रहती है।
ब्रेक और लाइट्स
हाईवे पर गाड़ी की रफ्तार तेज होती है तो ऐसे में ब्रेक का पूरी तरह सही होना जरूरी है। अगर ब्रेक से कोई आवाज आ रही है या पैडल कुछ ढीला लग रहा है तो पहले ही मैकेनिक को दिखाएं। साथ ही हेडलाइट्स, टेललाइट्स, इंडिकेटर्स और फॉग लैंप्स की जांच करें जिससे रात में धुंध या घने अंधेरे के समय रास्ते पर विजिबिलिटी अच्छी रहे।
बैटरी और कार का AC
पुरानी या कमजोर बैटरी आपको रास्ते में किसी भी सुनसान जगह पर मुश्किल में डाल सकती है। इसलिए बैटरी के टर्मिनल्स और चार्जिंग स्टेटस की जांच करें। इसके अलावा, लंबे सफर में आरामदायक यात्रा के लिए कार का AC भी चेक कर लें कि यह सही से काम कर रहा है या नहीं।
गाड़ी के डॉक्यूमेंट्स
ऊपर बताई गई चीजों के अलावा अपनी गाड़ी के DL, RC, इंश्योरेंस पेपर और अपडेटेड पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की ओरिजिनल या डिजिटल कॉपी जरूर रखें। हाईवे पर FASTag में भी बैलेंस रखें जिससे टोल प्लाजा पर समय बर्बाद न हो। इन आसान सी बातों को ध्यान में रखखर आप अपनी रोड ट्रिप को सेफ बना सकते हैं।