Sri Lanka Squad for 1st Test vs India: श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए स्क्वॉड घोषित कर दिया है। पथुम निसांका और कुसल मेंडिस अनिफिट होने के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
Sri Lanka Squad for 1st Test vs India: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला मैच गॉल स्टेडियम जबकि दूसरा कोलंबो में होगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने बुधवार को गॉल टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान किया। धनंजय डिसिल्वा एक बार फिर श्रीलंका की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। ऑलराउंडर कामिंदु मेंडिस को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। पथुम निसांका और कुसल मेंडिस सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। निसांका कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं और कुसल हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे।
ये दो प्लेयर तीन साल बाद लौटे
विकेटकीपर निरोशन डिकवेला और तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की तीन साल बाद श्रीलंका टेस्ट टीम में वापसी हुई है। कुसल की गैर मौजूदगी ने निरोशन के लिए 33 साल की उम्र में वापसी का दरवाजा खोला। वह 54 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। मदुशंका ने साल 2023 में एकमात्र टेस्ट पाकिस्तान के विरुद्ध खेला था। दो अनकैप्ड खिलाड़ियों- केशरा नुवांथा और पसिंदु सोरियाबंदारा को भी टीम में शामिल किया गया है। अनकैप्ड उस प्लेयर को कहा जाता है, जिसने कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला। निसांका की अनुपलब्धता के चलते टॉप ऑर्डर बैटर सोरियाबंदारा को चांस मिला है। नुवांथा ऑफ स्पिनर हैं।
चार स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज चुने गए
निशान मदुश्का और लाहिरू उदारा के ओपनिंग करने की उम्मीद है। दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस और धनंजय डिसिल्वा के क्रमश: नंबर 3, 4 और 5 पर बैटिंग करने की संभवना है। श्रीलंका ने घरेलू सीरीज के लिए चार स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों को चुना है। ऑलराउंडर मिलन रथनायके पांचवां सीम बॉलिंग ऑप्शन हैं। असिथा फर्नांडो का खेलना लगभग तय है। श्रीलंका के पास लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो और मदुशंका में से भी चुनने के लिए विकल्प हैं। तीन फ्रंट लाइन स्पिनर चुने गए हैं। प्रभात जयसूर्या श्रीलंका के स्पिन अटैक की अगुवाई करेंगे। उनके साथ नुवांथा या रमेश मेंडिस खेल सकते हैं। सोनल दिनुशा भी स्पिन ऑप्शन हैं।
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए श्रीलंका का स्क्वॉड: धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), कामिंदु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चांदीमल, पसिंदु सोरियाबंदरा, सोनल दिनुशा, लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), विश्व फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशर नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा।
भारत कर रहा चोटों के संकट का सामना
वहीं, भारतीय टीम चोटों के संकट का सामना कर रही है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को चोटों के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए। बुमराह की जगह आकिब नबी और सुदर्शन के स्थान पर सरफराज खान को चुना गया। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर गॉल टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं थे। सुंदर के दूसरे टेस्ट से भी बाहर होने की संभावना है। भारत बनाम श्रीलंका सीरीज आईसीसी वर्लड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा है। भारत डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में पांचवें और श्रीलंका छठे पायदान पर है।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव।