world-news

शिवहर में श्रावणी मेले की तैयारी तेज: देकुली धाम का निरीक्षण, 48 घंटे का अल्टीमेटम, NDRF-SDRF और CCTV की व्यवस्था - Sheohar News

July 23, 2026

शिवहर में आगामी श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

.

गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार ने देकुली धाम पहुंचकर मंदिर परिसर, बागमती डुब्बा घाट सहित मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरकारी नाव की भी व्यवस्था रखने का निर्देश दिया निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अनंत कुमार ने सभी संबंधित विभागों को 48 घंटे के भीतर श्रावणी मेले से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

बागमती डुब्बा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए घाट पर बैरिकेडिंग कराने का निर्णय लिया गया है।

इसके अतिरिक्त, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों के साथ सरकारी नाव की भी व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया।

संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए।

एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान इंस्पेक्टर मंजर आलम, पिपराही प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य सौरभ, अंचलाधिकारी, थाना अध्यक्ष उमाकांत सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।