- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Sewer Cleaning... Work In 66 Wards Was To Be Completed In 45 Days, 166 Days Have Passed, And Maintenance Has Been Completed In Only 22 Wards.
ग्वालियर44 मिनट पहलेलेखक: अनिल पटेरिया
- कॉपी लिंक

- बचे हुए 44 वार्डों के लिए निगम ने मांगी दिसंबर तक की मोहलत
निगम परिषद के ठहराव की लगातार अनदेखी हो रही है। निगम ने सीवर संधारण-सफाई कार्य के लिए खरीदी जाने वाली मशीनें और आउटसोर्स के कर्मचारी पूरे नहीं आने का कारण बताकर ठेकेदारों के कार्य की अवधि 8 दिसंबर तक बढ़ा दी है। यह दूसरा मौका है, जब हैंडओवर के स्थान पर कार्य करने का मौका ठेकेदारों को अफसरों ने दे दिया। कार्य अवधि बढ़ाने के आयुक्त के प्रस्ताव पर महापौर डॉ.शोभा सिकरवार ने स्वीकृति दे दी है।
इस स्वीकृति के बाद 44 वार्डों में सीवर की सफाई और संधारण का काम ठेकेदार ही करेंगे। वहीं 22 वार्ड हैंडओवर होने के बाद निगम ने व्यवस्था संभाल ली है। निगम परिषद ने 21 अप्रैल 2026 को पार्षदों के एकमत के बाद ठेका प्रथा खत्म करने का फैसला लिया था। ठहराव में 45 दिन में व्यवस्थाएं हाथ में लेने के आदेश थे। सभापति के फैसले के बाद निगम अफसरों ने पूरी प्रक्रिया को धीमा कर दिया, जिससे ठेकेदार को काम अभी न छोड़ना पड़े।

हैंडओवर के फेर में सीवर की सफाई बंद, कलावीथिका में गंदगी और पनप रहे मच्छर
तानसेन कलावीथिका वार्ड-58 में आती है। यहां ठेकेदार ने सीवर का काम संभाल रखा है। ठेकेदार काम नहीं कर रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप संगीत के केंद्र में गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं और बदबू से विद्यार्थी परेशान हैं।
ठहराव के बाद ऐसे की गई समय वृद्धि
परिषद के ठहराव के बाद आयुक्त ने नियमों के तहत 9 सितंबर तक समय बढ़ाया, लेकिन निगम हैंडओवर पूरा नहीं कर सका। इसके बाद महापौर ने 8 दिसंबर तक फिर समय बढ़ाया, ताकि निगम बाकी काम करा सके।
दावा: कसावट से सीवर की शिकायतें कम
अभी तक अधिकांश सीवर सफाई में मशीनरी निगम की लगती थी। निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने अफसरों की बैठक लेकर कसावट की। इसके बाद सीवर की शिकायतों में 30 फीसदी तक की कमी हुई है।
जानिए... कौन-कौन से वार्डों में सीवर संधारण का काम नगर निगम संभाल रहा है
- ग्वालियर पूर्व विधानसभा: वार्ड-22 से 27 तक और 61
- दक्षिण विधानसभा: 40, 48, 49, 52, 54, 55।
- ग्वालियर विधानसभा: 2,3,17,31,32,33,36
- ग्रामीण: 65, 66
- ये वार्ड नहीं हुए हैंडओवर: वार्ड-1,4, 5 से 21 तक, 28 से 30 तक, 34 से 39, 41 से 47 तक, 50 से 53 तक, 56 से 64 तक।
दिसंबर तक समय बढ़ाया
निगम ने कुछ वार्डों में काम संभाल लिया है। इस दौरान शेष वार्डों में ठेकेदारों से काम कराने के लिए समय वृद्धि का प्रस्ताव आयुक्त ने भेजा था। उस आधार पर 8 दिसंबर तक के लिए समयसीमा को बढ़ाया है। -डॉ. शोभा सिकरवार, महापौर
परिषद में आना था प्रस्ताव
निगम परिषद ने सभी पार्षदों से चर्चा उपरांत 45 दिन में हैंडओवर करने का ठहराव किया था। ये अवधि निकले काफी समय हो गया है। दूसरी बार समयावृद्धि बढ़ी है। ये वृद्धि का प्रस्ताव परिषद में आना था। -मनोज सिंह तोमर, सभापति ननि
महापौर को भेजा था प्रस्ताव
कुछ वार्डों में सीवर संधारण का कार्य को लेकर समय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर महापौर ने सहमति दे दी है। -अभिषेक चौधरी, निगमायुक्त
.