मप्र में आम लोगों के सफर, धार्मिक पर्यटन और आपातकालीन इलाज के लिए हवाई नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत हर 150 किमी पर एयरपोर्ट, 75 किमी पर हवाई पट्टी और 45 किमी पर हेलीपैड तैयार करने की योजना है।
.
- अभी 8 एयरपोर्ट, 20 से ज्यादा हवाई पट्टी
फिलहाल प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 से ज्यादा एयरस्ट्रिप और 220 हेलीपैड हैं। वर्ष 2023-24 तक इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और खजुराहो में 5 एयरपोर्ट थे। इसके बाद रीवा, दतिया और सतना जुड़ने से संख्या 8 हो गई। उज्जैन और शिवपुरी में काम पूरा होने के बाद प्रदेश में 10 एयरपोर्ट हो जाएंगे। इसके साथ ही सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।
10 नई एयरस्ट्रिप: उड़ान योजना के तहत सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल में एयरस्ट्रिप विकसित करने का प्रस्ताव है।
आम नागरिक के काम के लिए 4 सुविधाएं
1. गंभीर मरीजों के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस
- मुफ्त सेवा: आयुष्मान कार्डधारक को गंभीर बीमारी या सड़क हादसे में प्रदेश के भीतर/बाहर अस्पताल तक फ्री भेजने की सुविधा।
- प्रक्रिया: प्रदेश के भीतर ले जाने के लिए कलेक्टर, जबकि प्रदेश से बाहर ले जाने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालक की अनुमति जरूरी।
- गैर-आयुष्मान मरीज: प्रदेश के भीतर सुविधा मुफ्त है। प्रदेश से बाहर ले जाने पर सरकार की तय दर के अनुसार शुल्क देना होता है।
- अब तक 186 मरीजों व दुर्घटना पीड़ितों को सेवा का लाभ।
2. सिंहस्थ: दताना-मताना में भी उतर सकेंगे बड़े विमान
सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन के दताना-मताना एयरपोर्ट का विकास उड़ान 5.2 योजना के तहत हो रहा है। पहले चरण में 1,800 मीटर रनवे बन रहा है, जिसे बढ़ाकर 2,700 मीटर किया जाएगा।
3. दुबई के बाद अब इंदौर से अबूधाबी की सीधी उड़ान
दुबई के बाद अब इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो चुकी है। यह नई विमानन नीति के तहत राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान है। महज सवा 3 घंटे में यह सफर पूरा होगा।
4. धार्मिक-हेरिटेज टूरिज्म के लिए हेलीकॉप्टर
- तीन पर्यटन सेक्टर: आध्यात्मिक पर्यटन के लिए इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर, हेरिटेज के लिए भोपाल-चंदेरी-ओरछा व वाइल्डलाइफ के लिए जबलपुर-मैहर-चित्रकूट-कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर तय हैं।
- बुकिंग: चंदेरी और ओरछा में जॉय राइड की सुविधा भी है। टिकट flyola.in और transbharat.in पर बुक किए जा सकते हैं।
- ये हाल: पीपीपी मॉडल पर 3 साल के लिए 6 सीटर हेलीकॉप्टर चल रहे हैं। अब तक 5,200+ यात्री व 680+ जॉय राइड हो चुकीं।