world-news

अजमेर में एलिवेटेड की कचहरी रोड भुजा 7दिन रहेगी बंद: आज से मरम्मत का काम शुरू, पुराने जॉइंट तोड़कर नए बनेंगे, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट - Ajmer News

October 7, 2026

अजमेर में स्मार्ट सिटी के तहत 272 करोड़ रुपए से बने एलिवेटेड रोड (रामसेतु) की कचहरी रोड वाली भुजा मंगलवार देर रात यातायात के लिए बंद कर दी गई। यहां टॉप जंक्शन तक जॉइंट रिपेयर एवं रिहैबिलिटेशन का काम होगा। पुराने जॉइंट रात में तोड़कर नए बनाए जाएंगे।

.

इसके बाद कंक्रीट की जाएगी। क्योरिंग के लिए करीब सात दिन का समय लगेगा। इस दौरान कचहरी रोड वाली भुजा सोमवार तक बंद रहेगी। करीब 35 लाख रुपए की लागत का यह काम रिस्क एंड कॉस्ट पर कराया जा रहा है। आरएसआरडीसी ने मरम्मत की अनुमति के लिए 21 अगस्त को आवेदन किया था। अनुमति 6 अक्टूबर को जारी हुई। काम के दौरान ट्रैफिक पुलिस वैकल्पिक मार्ग पर यातायात डायवर्ट करेगी।

जॉइंट से निकले एंगल वाहनों से टकराने पर आ रही आवाज, 4 जगह शिकायत

कचहरी रोड से पुरानी आरपीएससी की ओर उतरने वाली भुजा एक तरफा यातायात के लिए डिजाइन की गई थी। वर्तमान में इस पर दोनों तरफ का ट्रैफिक चल रहा है। भारी यातायात के दबाव से जॉइंट क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आई है। इस भुजा पर चार स्थानों पर जॉइंट खुलने की शिकायत है। जॉइंट से निकले एंगल वाहनों से टकरा रहे हैं। भारी वाहन गुजरने पर तेज आवाज भी आती है।

रेलवे स्टेशन के सामने एलिवेटेड रोड के जॉइंट भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इस भुजा पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में पुल के कई हिस्सों में बोल्ट नहीं लगे होने, ढीले बोल्ट हाथ से कसने और लोहे की जगह लकड़ी के गुटके लगाए जाने जैसी कमियां भी सामने आई थीं।

3 साल पहले भी मरम्मत के लिए बंद की गई थी भुजा।

3 साल पहले भी मरम्मत के लिए बंद की गई थी भुजा।

महावीर सर्किल भुजा 6 महीने बंद रही थी

करीब 272 करोड़ में तैयार एलिवेटेड रोड महज तीन साल में दूसरी बार बड़ी मरम्मत की स्थिति में पहुंचा है। इससे पहले महावीर सर्किल वाली भुजा क्षतिग्रस्त होने पर करीब 40 लाख रुपए खर्च कर मरम्मत कराई गई थी। उस दौरान करीब छह महीने तक यातायात बंद रहा था।

अब कचहरी रोड वाली भुजा सात दिन के लिए बंद की गई है। एलिवेटेड रोड पर अलग-अलग जगह ट्रैफिक मूवमेंट, स्लिप लेन, सड़क व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम से जुड़ी कमियां भी सामने आती रही हैं।

पुरानी आरपीएससी और गांधी भवन की ओर का रास्ता भी बंद

टीआई नीतू राठौड़ ने बताया कि पुरानी आरपीएससी की ओर उतरने वाली भुजा पर आरएसआरडीसी मरम्मत कार्य कराएगा। इसके चलते एलिवेटेड रोड की पुरानी आरपीएससी वाली भुजा और ऊपर एलिवेटेड रोड से गांधी भवन तक का मार्ग बंद रहेगा।