world-news

न्यू सांगानेर रोड से अतिक्रमण हटना शुरू: 2.4 किलोमीटर रोड 100 फीट चौड़ी होगी; 3 घंटे में 1 किमी में 55 कब्जे तोड़े - Jaipur News

October 6, 2026

हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक सड़क सीमा में आ रहे अतिक्रमणों को जेडीए ने हटाना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह जेडीए ने नोटिस की सीमा पूरी होते ही गुर्जर की थड़ी की तरफ अतिक्रमण हटाने शुरू किए तो हड़कंप मच गया। जेडीए ने सुबह 3 घंटे

.

जेसीबी टिनशेड हटाती रही, दुकानदार अंदर खड़ा रहा

सुबह 7:30 बजे जेडीए दस्ता कार्रवाई के लिए पहुंचा तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जेडीए और पुलिस अधिकारियों ने समझाइश का प्रयास किया। विधायक गोपाल शर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने गलत डिमार्केशन का आरोप लगाया। कार्रवाई के दौरान मेडिकल संचालक दुकान में खड़ा रहा, बार-बार समझाइश के बाद भी जब बाहर नहीं निकला तो जेसीबी से लोहे की टिनशेड भी हटाई गई। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस मार्ग को लेकर हाईकोर्ट में जेडीए मंगलवार को जवाब पेश करेगा।

विवेक विहार से सोडाला तक 1.4 किमी क्षेत्र में 155 अतिक्रमण, हाईकोर्ट में आज पेश होगी पालना रिपोर्ट

अब जेडीए को विवेक विहार से सोडाला तक 1.4 किमी में अतिक्रमण हटाना है। नोटिस पर प्रभावितों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। विवेक विहार से सोडाला के बीच 9 कॉलोनियों के कुछ मकानों-दुकानों को निगम ने पट्टे भी दे रखे हैं। वहीं, 100 फीट चौड़ी सड़क के सेंटर लाइन को लेकर भी आपत्तियां मिली हैं। इसमें कहा है कि जेडीए ने मेट्रो पिलर से सेंटर लाइन मानी है। ऐसे में एक तरफ 70 फीट और दूसरी तरफ 30 फीट डिमार्केशन किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जोनल प्लान में प्रस्तावित सेंटर लाइन से ही डिमार्केशन किया है। इन आपत्तियों को लेकर परीक्षण कर रहे हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जेडीए मंगलवार को कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश करेगा।

1.4 किमी हिस्से में प्रभावित खुद ही तोड़ रहे निर्माण, सेल लगाकर बेच रहे सामान

जेडीए से नोटिस मिलने के बाद से ही प्रभावित कार्रवाई रुकवाने की मांग कर रहे हैं। सोमवार सुबह गुर्जर की थड़ी पर कार्रवाई शुरू होते ही 1.4 किमी हिस्से में प्रभावित खुद निर्माण हटाने लग गए। कई दुकानदारों ने दुकानें खाली कर दीं। दुकानदारों ने दीपावली को देखते हुए सामान भर लिया था, अब सेल लगाकर सामान बेच रहे हैं।

इन कॉलोनियों में निगम के पट्टे; अशोकपुरा कच्ची बस्ती, वेंकटेश्वर कॉलोनी, स्कीम नंबर 1, स्कीम नंबर 3, स्कीम नंबर 5, गोवर्धन कॉलोनी, रामनगर विस्तार डी, डीपी कॉलोनी, बैकुंठ नगर में सड़क सीमा में निगम ने पट्टे दे रखे हैं। निगम से परीक्षण करवाया जा रहा है, अगले दो-तीन दिन में रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

2 साल में 4 बड़ी कार्रवाई

जेडीए पिछले दो साल में 4 बड़ी कार्रवाई कर चुका है। ये कार्रवाई भी कोर्ट आदेश के बाद ही की गई थी।

न्यू सांगानेर रोड मेट्रो स्टेशन से रीको कांटा तक 7 किमी में 600 से 700 अतिक्रमण हटाए।

खातीपुरा से सिरसी रोड 3 किमी में 250 अतिक्रमण ध्वस्त किए।

वरुण पथ पर पृथ्वीराज नगर 800 मीटर में 80 अतिक्रमण हटाए।

नंदपुरी अंडरपास से जगतपुरा 1.5 किमी में सड़क सीमा में आ रहे 150 मकान-दुकान व धार्मिक स्थलों को ध्वस्त किया गया।