world-news

नाला निर्माण में लापरवाही, कार्यपालन यंत्री सस्पेंड: 2 साल से अधूरा नाला, यही पर हुआ जलभराव; निगम कमिश्नर ने की कार्रवाई - Bhopal News

September 2, 2026

नाला निर्माण में लापरवाही बरतने पर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री बृजेश कौशल को कमिश्नर संस्कृति जैन ने सस्पेंड कर दिया।

.

जारी आदेशानुसार, जोन नंबर-16 के शिव नगर में नाले के निर्माण कार्य निर्धारित अवधि 10 मई 2023 से 9 मई 2024 के मध्य किया जाना था। उक्त अवधि में कार्यपालन यंत्री कौशल के अधीन नाला निर्माण होना था, लेकिन कौशल ने कार्य में रूचि नहीं ली और नियत समयावधि व्यतीत होने के पश्चात भी नाला निर्माण अपूर्ण है।

पहले नोटिस जारी कर मांगा था जवाब नाला निर्माण को पूर्ण किए जाने के लिए पूर्व में भी कौशल को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए, लेकिन उक्त महत्वपूर्ण कार्य को कौशल ने गंभीरता से नहीं लिया। आदेश में कहा गया है कि यह कार्य के प्रति घोर लापरवाही का द्योतक है।

जलभराव क्षेत्रों में पहुंची थीं कमिश्नर निगम कमिश्नर जैन ने 10 अगस्त और 24 अगस्त को जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। शिव नगर नाले के निर्माण कार्य अपूर्ण होने से सुंदर नगर और उड़िया बस्ती के अनेक मकानों में पानी भर गया था। जिससे क्षेत्र का सामान्य मानव जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। उक्त महत्वपूर्ण कार्य में कौशल द्वारा लापरवाही और उदासीनता बरतने से जनजीवन पर प्रभाव पड़ा था। इसके चलते बुधवार को कौशल को निलंबित कर दिया गया।

जेपी हॉस्पिटल कैम्पस में कचरे में मिक्स मिला मेडिकल वेस्ट, टीम पहुंची इधर, नगर निगम की टीम जेपी हॉस्पिटल पहुंची। यहां पर बायो मेडिकल वेस्ट अन्य कचरे के साथ खुले क्षेत्र में फैला हुआ था। इस पर अस्पताल की हाउस कीपिंग संस्था सेडमेप के विरुद्ध निगम ने की जुर्माना करने के लिए कोर्ट में प्रकरण प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है।

नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के दिशा निर्देशों के अनुसार शहर में अपशिष्ट प्रबंधन की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के साथ ही उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू की है। जेपी अस्पताल के गेट के पास बड़े क्षेत्र में बॉयो मेडिकल वेस्ट अन्य कचरे के साथ पड़ा पाए जाने पर अस्पताल के अधीक्षक डॉ.संजय जैन को अवगत कराया और अस्पताल के हाउस कीपिंग कार्य से संलग्न संस्था सेडमेप के प्रतिनिधियों को बुलाकर साफ-सफाई कराने एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि का भुगतान करने को कहा। अधीक्षक डॉ.जैन ने केयर टेकर संस्था सेडमेप के प्रतिनिधियों को दूरभाष पर सूचित करने के बावजूद भी सेडमेप का कोई प्रतिनिधि/कर्मचारी स्थल पर नहीं आया और न ही जुर्माने की राशि जमा कराने को तैयार हुए। जिस पर निगम ने आगे की कार्रवाई शुरू की है।

जेपी अस्पताल परिसर में निगम की टीम।

जेपी अस्पताल परिसर में निगम की टीम।

मणिपुरम गोल्ड लोन से वसूला 5 हजार रुपए का जुर्माना इधर, निगम ने जोन नंबर-11 के वार्ड-70 में निरीक्षण के दौरान रायसेन रोड स्थित करतार बिल्डिंग के पास खुले में कचरा पड़ा पाया। जिस पर जानकारी प्राप्त की गई तो मालूम हुआ कि उक्त कचरा करतार बिल्डिंग स्थित मणिपुरम गोल्ड लोन के कर्मचारियों ने फेंका है। निगम अमले ने कार्यवाही करते हुए मणिपुरम गोल्ड लोन से 5 हजार रुपए की राशि स्पॉट फाइन की कार्रवाई की।