world-news

बेलतरा विधायक की 171 किमी की ध्वजा यात्रा पूरी: 7 दिन में 48 ग्राम पंचायतों से होकर महामाया मंदिर पहुंचे सुशांत शुक्ला;सप्तमी पर चढ़ाई ध्वजा - Bilaspur (Chhattisgarh) News

October 18, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • Sushant Shukla Dhwaja Yatra | Bilaspur Beltara MLA Mahamaya Mandir Visit

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

बिलासपुर के बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की 7 दिन की ध्वजा यात्रा सप्तमी पर रतनपुर के महामाया मंदिर में ध्वजा चढ़ाने के साथ पूरी हो गई। 171 किलोमीटर की इस यात्रा में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की करीब 48 ग्राम पंचायतों से जुड़े गांवों में श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान जयकारे लगे और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। विधायक ने मंदिर में ध्वजा चढ़ाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

यात्रा के सातवें और अंतिम दिन रानीगांव से शुरू होकर मदनपुर होते हुए सिद्धि विनायक मंदिर पहुंची। यहां ढोल-ताशों की धुन, शिव तांडव और राधा-कृष्ण की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा। सिद्धि विनायक मंदिर के पास नगर पंचायत अध्यक्ष लव कुश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू कश्यप ने विधायक शुक्ला का स्वागत किया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक भावना बोहरा भी यात्रा में शामिल हुए।

48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरी यात्रा

यात्रा की शुरुआत श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से हुई थी। पहले दिन नवागांव, ओछिनापारा चौक, खैरखुंडी, सरवन देवरी, लखराम, गड़वत, बाम्हू और टेकर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। सरवन देवरी में ढोल-मांदर की थाप और लखराम में सामाजिक प्रतिनिधियों ने यात्रा का स्वागत किया।

दूसरे दिन टेकर से गिधौरी, नेवसा, जाली, बेलतरा, सलका, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा, बसहा, गोपालपुर, पांडेयपुर और भिल्मी होते हुए यात्रा भादी पहुंची। तीसरे दिन खैरा (ड), डंगनिया, सेलर, मोहरा, उरतुम, परसाही, डबरीपारा और उरैहापारा से होकर यात्रा गुजरी।

चौथे दिन नगौई से बैमा, खपराखोल, धुरीपारा, मां कोसगई, परसदा, सेमरा, सेमरी, भरारी और जलसो होते हुए यात्रा सेमरतल पहुंची। खपराखोल में धुरी समाज के सामुदायिक भवन के लिए विधायक निधि से स्वीकृत 20 लाख रुपए के कार्य का भूमिपूजन किया गया।

जेसीबी से फूल बरसाए, लड्डुओं से तौला

पांचवें दिन सेमरतल से गतौरी, भदोरियाखार, रमतला, सेंदरी और कछार होते हुए यात्रा लोफंदी पहुंची। गतौरी में जेसीबी से फूल बरसाकर स्वागत किया गया। भदोरियाखार में विधायक ने गुरु घासीदास के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) चढ़ाई। रमतला में बच्चों और महिलाओं की झांकियों के बीच युवाओं ने विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौलकर स्वागत किया। सेंदरी में माता सेंदुरा के प्रति श्रद्धा जताते हुए ध्वजा चढ़ाई गई।

विधायक निधि के कार्यों का लोकार्पण

छठवें दिन लोफंदी से लछनपुर, पेंडरवा और गोंदईया होते हुए यात्रा रानीगांव पहुंची। लखनपुर में विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपए की लागत से बने बसीन पाट के बाउंड्रीवॉल का लोकार्पण किया गया। गोंदईया में रंगोली, अल्पना, जसगीत और पारंपरिक तरीके से स्वागत हुआ। रानीगांव में माता के जगराते के साथ श्रद्धालुओं ने रात बिताई।

बोले- गांवों से मिला प्यार जीवन की अविस्मरणीय पूंजी

यात्रा के समापन पर विधायक सुशांत शुक्ला ने लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मां महामाया के प्रति आस्था और बेलतरा परिवार के साथ आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति है। यात्रा के दौरान गांव-गांव में लोगों से मिले प्यार, सम्मान और आशीर्वाद को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। हर गांव, समाज और परिवार ने जिस आत्मीयता से अपनाया, वह उनके जीवन की अविस्मरणीय पूंजी है।

विधायक भावना बोहरा ने सफल आयोजन के लिए सुशांत शुक्ला और बेलतरा की जनता को बधाई दी। उन्होंने मां महामाया से सभी परिवारों की सुख-समृद्धि और समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा बढ़ने की कामना की।

.