world-news

भागलपुर में कोसी नदी का कहर, रेलवे लाइन बांध का 15 मीटर हिस्सा टूटा... कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

September 11, 2026

Bhagalpur Flood News: भागलपुर जिले के नवगछिया से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है, जहां रंगरा चौक प्रखंड के बनिया में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के दबाव से रेलवे लाइन बांध का लगभग 15 मीटर हिस्सा टूट गया है. बीती रात आई तेज आंधी और झमाझम बारिश के बाद जलस्तर में अचानक उछाल आ गया, जिससे बांध पर दबाव बढ़ गया और यह हादसा हो गया.

बांध टूटते ही कोसी नदी का पानी अत्यंत तेज रफ्तार से आसपास के इलाकों में फैलने लगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पानी का तेज प्रवाह अब साधोपुर, मसूदनपुर, बैसी, भवानीपुर और नवगछिया-बनिया जैसे निचले इलाकों और रिहायशी गांवों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. पानी के इस प्रचंड बहाव ने साधोपुर से बनिया को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के आधे हिस्से को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है.

भागलपुर की DM की हालात पर है नजर

रंगरा प्रखंड के मदरौनी और चापर जैसे गांव पहले ही जलमग्न थे, ऐसे में इस बांध के टूटने से पूरे इलाके पर एक बड़ा संकट मंडराने लगा है और ग्रामीणों की चिंताएं चरम पर पहुंच गई हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे खुद पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं. जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को तुरंत हरकत में लाते हुए मौके पर तैनात कर दिया गया है.

जल संसाधन और रेलवे विभाग के कर्मचारी उफान मारती नदी के बीच ही टूटे हुए हिस्से की मरम्मत और रिस्टोरेशन के काम में जुट गए हैं. हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज है कि कर्मियों को कटाव रोधी कार्य करने और रिस्टोरेशन में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं.

BDO प्रियंका कुमारी और प्रशासनिक टीम मौके पर मुस्तैद

स्थानीय बीडीओ प्रियंका कुमारी और प्रशासनिक टीम मौके पर मुस्तैद हैं. स्थानीय निवासी पीयूष राज और मोहम्मद इफ्तेखार ने बताया कि पानी की रफ्तार इतनी तेज है कि कुछ ही घंटों में स्थिति काफी विकराल हो गई है. प्रशासन की सबसे प्राथमिक चुनौती पानी के इस प्रचंड वेग को नियंत्रित कर बांध की जल्द से जल्द मरम्मत करना है, ताकि अन्य आबादी वाले इलाकों को डूबने से बचाया जा सके.

ये भी पढ़ें: पटना सचिवालय में फर्जी अफसर बनकर नौकरी का खेल! जीजा बना Section Officer, साले ने पहनी पुलिस की वर्दी, CDPO बहाली का बैनर लगाकर चल रहा था इंटरव्यू

शिवम

शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button