world-news

दीपावली-छठ पर यात्री दबाव: पटना ट्रेन में स्लीपर की वेटिंग 123 तक पहुंची, थर्ड एसी में भी 100 के पार हुई, कई दिन रिग्रेट पोजिशन - Indore News

October 27, 2026

.

दीपावली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने रेलवे में कन्फर्म टिकट का संकट खड़ा हो गया है। इंदौर से पटना जाने वाली ट्रेनों में नवंबर की शुरुआत से ही लंबी वेटिंग है। स्थिति यह है कि स्लीपर में वेटिंग 123 तक पहुंच गई है, जबकि थर्ड एसी में भी कई तारीखों पर वेटिंग 100 से अधिक है।

कुछ तारीखों में सेकंड एसी और फर्स्ट एसी में टिकट बुकिंग बंद होने का संदेश यानी ‘रिग्रेट’ दिखाई दे रहा है। यानी इतनी ज्यादा बुकिंग हो गई कि वेटिंग के टिकट बनना भी बंद हो गए। इंदौर-पटना एक्सप्रेस के साथ दानापुर स्पेशल में भी यात्रियों को राहत मिलती नहीं दिख रही। 5 नवंबर की दानापुर स्पेशल में स्लीपर की वेटिंग 133 और थर्ड एसी की 80 है। वहीं, 9 नवंबर को इंदौर-पटना एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी में बुकिंग बंद दिखाई दी।

सालभर वेटिंग, नई नियमित ट्रेन चलाने की मांग भी उठी थी

रेलवे एक्सपर्ट नागेश नामजोशी ने कहा पटना एक्सप्रेस ट्रेन, इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस सहित अन्य कई रूट की ट्रेनें ऐसी हैं, जिनमें सालभर वेटिंग रहती है। पटना एक्सप्रेस में तो सालभर 120-150 फीसदी तक दबाव रहता है। इस रूट पर अब एक नई नियमित ट्रेन की जरूरत है। रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य जगमोहन वर्मा ने कहा कि ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं ताकि यात्रियों को राहत मिले।

तारीखट्रेनस्लीपरथर्ड एसीथर्ड एसी इकोनॉमीसेकंड एसीफर्स्ट एसी
2 नवंबर19313 इंदौर-पटना एक्सप्रेसWL 116WL 34WL 76WL 26WL 07
4 नवंबर19313 इंदौर-पटना एक्सप्रेसWL 123WL 48WL 96रिग्रेटरिग्रेट
5 नवंबर09343 दानापुर स्पेशलWL 133WL 66WL 80WL 45-
7 नवंबर19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेसWL 119WL 52WL 92WL 34WL 13
9 नवंबर19313 इंदौर-पटना एक्सप्रेसरिग्रेटWL 51WL 101रिग्रेटरिग्रेट
11 नवंबर19313 इंदौर-पटना एक्सप्रेसरिग्रेटWL 50रिग्रेटरिग्रेटरिग्रेट
12 नवंबर09343 दानापुर स्पेशलWL 105WL 33WL 55WL 28-
13 नवंबर09321 इंदौर-पटना एक्सप्रेसWL 87WL 49WL 73WL 28WL 11

(जानकारी रेलवे बुकिंग एजेंटों के अनुसार)

बस में सीटें उपलब्ध, लेकिन महंगा टिकट, किराया 8950 रुपए तक पहुंचा

इंदौर से पटना के लिए एसी सीटर-स्लीपर बस में कई तारीखों पर सीटें उपलब्ध हैं। हालांकि किराया बहुत ज्यादा है। बस एसोसिएशन से जुड़े लोगों के अनुसार 2 से 5 नवंबर के लिए किराया 8950 रुपए, जबकि 7 और 9 नवंबर के लिए 8500 और 11 नवंबर के लिए 7575 रुपए है। बस से यात्रा में 27 से 29 घंटे लगते हैं।