बिहार सरकार 'मेडल लाओ, जॉब पाओ' योजना के तहत 106 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्त करेगी, साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वालों को सम्मान और छात्रवृत्ति से नवाजेगी। यह आयोजन सीधी नियुक्तियों, वित्तीय सहायता और लक्षित प्रशिक्षण के माध्यम से खेल संस्कृति को मजबूत करने की बिहार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
By Oneindia Staff
Published: Thursday, July 23, 2026, 21:31 [IST]
बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत 24 जुलाई को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और खेल सम्मान राशि प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहेंगे।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस वर्ष 106 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति-पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों में सरकारी नौकरी पाने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 180 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सीधी नियुक्ति देकर राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत कर रही है।
आकाश दीप और मुकेश कुमार बनेंगे डीएसपी
समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्ति-पत्र दिया जाएगा। वहीं एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिलेगा खेल सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक हासिल करने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली महरयम फातिमा को 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
637 खिलाड़ियों को मिलेंगे छात्रवृत्ति चयन-पत्र
समारोह में बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत 637 खिलाड़ियों को चयन-पत्र भी दिए जाएंगे। इनमें—* उत्कर्ष योजना के 21 खिलाड़ी, * सक्षम योजना के 184 खिलाड़ी, * प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रेरणा योजना के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी 'मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम' के माध्यम से किया गया है।
खिलाड़ियों को मिलेगी आर्थिक और प्रशिक्षण सहायता
राज्य सरकार की प्रेरणा, सक्षम और उत्कर्ष खेल छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाओं के लिए क्रमशः 3 लाख रुपये, 5 लाख रुपये और 20 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है।
Read more about: