.
वन स्टेट वन इलेक्शन के तहत पहली बार 2026 के निकाय चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए नामांकन 27 अगस्त से भरने शुरू होंगे। दोनों प्रमुख दल बीजेपी और कांग्रेस ने अभी टिकट फाइनल नहीं किए हैं। दोनों के टिकट 28 अगस्त या 29 अगस्त को मिलेंगे। ऐसे में पहले निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। 10245 वार्डों के लिए 309 निकायों में नामांकन होंगे।
प्रदेश में चुनाव लड़ रही 12 से अधिक बड़ी पार्टियों की तरफ से घोषित प्रत्याशियों के नामांकन में 48 घंटे का समय लगेगा। दोनों प्रमुख दलों के पास करीब 1 लाख लोगों ने पार्षद के लिए टिकट मांगे हैं। इस बार प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा। दूसरी तरफ जयपुर निगम के लिए 15 आरओ ऑफिस बनाए गए हैं। बीकानेर, पाली नगर निगम, फतेहपुर नगर परिषद में वोटिंग की डेट बदली गई है।
पार्टी कार्यालय और होटल कारोबार गुलजार बीजेपी और कांग्रेस आगामी तीन दिन में टिकटों का ऐलान करेगी। लेकिन टिकट पाने की होड़ में बीजेपी और कांग्रेस मुख्यालयों पर दावेदारों का जमघट लगा हुआ है। होटल फुल चल रही हैं। टिकट के दावेदार अपने-अपने इलाके के बड़े नेताओं के भी चक्कर काट कर रहे हैं। वहीं पार्टियां दावेदारों के बायोडाटा खंगाल कर उनकी कुंडलियां बनाने में जुटी हैं। दावेदार ऐड़ी-चोटी तक जोर लगा रहे हैं। बुधवार को दोनों दलों के प्रदेश मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा दिखा।
राखी, रविवार के कारण 3 दिन का समय आयोग ने 27 से 31 अगस्त तक नामांकन पत्र भरने का समय रखा है, लेकिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त रविवार को छोड़कर प्रत्याशी केवल 27, 29 और 31 अगस्त के दिन ही नामांकन पत्र भर सकेंगे। इधर निर्वाचन आयोग ने धार्मिक आस्था और आमजन की भावनाओं को देखते हुए नगर निगम पाली और नगर परिषद फतेहपुर (सीकर) में वोटिंग की डेट को बदला है।
घर से वोटिंग की सुविधा नहीं लोकसभा चुनाव में भले ही केन्द्रीय निर्वाचन आयोग ने बुजुर्ग मतदाताओं को राहत देते हुए होम वोटिंग की सुविधा दी हो, लेकिन इन निकाय चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी व्यवस्था नहीं की है। अब हर वर्ग के मतदाता चाहे बुजुर्ग और बीमार हो, उसे वोट देने के लिए पोलिंग बूथ पर जाना होगा।
पाली, सीकर व बीकानेर में वोटिंग की तिथि बदली पाली नगर निगम में प्रस्तावित वोटिंग डेट 9 सितंबर के बजाए 11 सितंबर को करवाए जाएंगे। पर्युषण महापर्व के चलते वोटिंग डेट में बदलाव किया गया है। सीकर जिले की नगर परिषद फतेहपुर में 11 सितंबर को वोटिंग करवाना प्रस्तावित था, लेकिन इसे बदलकर आयोग ने अब 9 सितंबर कर दिया। बीकानेर नगर निगम में 11 सितंबर की बजाए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। जिले की 6 नगर पालिकाओं में 11 की बजाए 9 सितंबर को मतदान होगा।
दो जिलों में फिर बदलाव... अजमेर और खैरथल-तिजारा में अब 2 चरणों में होगा मतदान अजमेर जिले के 315 शहरी वार्डों में दो चरणों में चुनाव करवाया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने जानकारी दी। प्रथम चरण में नगर पालिका पीसांगन के 25, नसीराबाद के 20, केकड़ी के 40, सरवाड़ के 25, टांटोटी के 20 तथा सावर के 20 वार्डों में चुनाव होगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में अजमेर नगर निगम के 80, किशनगढ़ नगर परिषद के 60 तथा पुष्कर नगर परिषद 25 वार्डों में मतदान होगा। खैरथल-तिजारा के 7 नगरीय निकायों में दो चरणों में वोटिंग होगी। खैरथल-तिजारा जिले की खैरथल, तिजारा और भिवाड़ी नगर परिषद में पहले चरण में मतदान होगा। वहीं किशनगढ़बास, मुंडावर, कोटकासिम और टपूकड़ा में दूसरे चरण में वोटिंग होगी।