world-news

ऑफिस में XEN-SDO नहीं मिले तो कुर्सी की उतारी आरती: थाली में रखे सड़क के टुकड़े; सोनीपत में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप - Sonipat News

September 29, 2026

सोनीपत2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
सड़क से उखाड़कर लाए गए घटिया मटेरियल वाले टुकड़ों को थाली में रखकर प्रतीकात्मक कुर्सी की आरती उतारते ग्रामीण। - Dainik Bhaskar

सड़क से उखाड़कर लाए गए घटिया मटेरियल वाले टुकड़ों को थाली में रखकर प्रतीकात्मक कुर्सी की आरती उतारते ग्रामीण।

सोनीपत के बड़वासनी स्थित ट्रिपल आईटी में सड़क निर्माण में घटिया मटेरियल लगाए जाने के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर सामने आया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में ग्रामीण एकत्रित होकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने सड़क से उखाड़कर लाए गए घटिया मटेरियल वाले तारकोल के टुकड़ों को एक थाली में रखा और उन्हें कार्यालय के सामने अधिकारी की कुर्सी के पास रखकर प्रतीकात्मक रूप से कुर्सी की आरती उतारी। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।

पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन प्रशांत ने दो दिन पहले बताया था कि करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई है। इसका टेंडर करीब 40 से 50 लाख रुपए में हुआ है।

सड़क से उखाड़कर लाए गए घटिया मटेरियल वाले टुकड़ों को कार्यालय के सामने रखते ग्रामीण।

सड़क से उखाड़कर लाए गए घटिया मटेरियल वाले टुकड़ों को कार्यालय के सामने रखते ग्रामीण।

निर्माण में मानकों की अनदेखी करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी कर मिट्टी के ऊपर ही सड़क बना दी गई, जो हाथ से उखड़ रही है। प्रदर्शन के दौरान पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रशांत कौशिक, एसडीओ और जेई मौके पर मौजूद नहीं मिले। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क को दोबारा सही तरीके से बनाने और मामले की जांच को लेकर कार्रवाई नहीं हुई तो उनका प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि करीबन 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण सोनीपत में बढ़वासनी के नजदीक हाईवे 352-A से कनेक्टिंग रोड ट्रिपल आईटी तक बनाया गया है। और करीबन एक सप्ताह पहले बनाए गए इस रोड में घटिया मटेरियल यूज किया गया था, जिसको लेकर पहले दिन से ही ग्रामीण विरोध कर रहे थे।

नहीं मिले अधिकारी, कार्यालय के सामने प्रदर्शन

ग्रामीणों के अनुसार, वे सड़क निर्माण की शिकायत लेकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन मौके पर कोई संबंधित अधिकारी नहीं मिला। एक्सईएन प्रशांत कौशिक के अलावा एसडीओ और जेई भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने कार्यालय के सामने ही सड़क के टूटे हुए टुकड़े रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और काफी देर तक नारेबाजी की।

पीडब्ल्यूडी एक्सईएन के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते ग्रामीण।

पीडब्ल्यूडी एक्सईएन के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते ग्रामीण।

थाली में रखे सड़क के टुकड़े, कुर्सी की उतारी आरती

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अपने साथ सड़क निर्माण से निकले मटेरियल के टुकड़े लेकर पहुंचे थे। इन टुकड़ों को एक थाली में रखा गया और अधिकारी की कुर्सी के सामने रखकर प्रतीकात्मक रूप से उसकी आरती उतारी गई। ग्रामीणों ने इस तरीके से सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों के प्रति अपना विरोध जताया।

पार्षद बोले- मिट्टी के ऊपर बना दी सड़क

जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने आरोप लगाया कि ट्रिपल आईटी मार्ग के निर्माण के दौरान पीडब्ल्यूडी का कोई अधिकारी मौके पर नहीं गया। उनके अनुसार, ठेकेदार ने सड़क निर्माण में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया और मिट्टी की ठीक से सफाई व तैयारी किए बिना उसके ऊपर ही सड़क बना दी। उन्होंने दावा किया कि सड़क का मटेरियल हाथ से भी उखड़ रहा है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

संजय बड़वासनी ने बताया कि सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रशांत कौशिक को शिकायत दी थी। उनके अनुसार, एक्सईएन ने आश्वासन दिया था कि अगले दिन खराब सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाया जाएगा। आरोप है कि 6 दिन बीतने के बाद भी सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने की कार्रवाई शुरू नहीं हुई। इसी के विरोध में ग्रामीण दोबारा पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे।

संजय बड़वासनी बोले- सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रशांत कौशिक को शिकायत दी थी। लेकिन कोई सामाधान नहीं हुआ।

संजय बड़वासनी बोले- सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रशांत कौशिक को शिकायत दी थी। लेकिन कोई सामाधान नहीं हुआ।

अधिकारियों और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप

जिला पार्षद ने कहा कि इस मार्ग पर पहले भी सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन वह कुछ ही महीनों में टूट गई। अब दोबारा सड़क बनाई जा रही है, लेकिन उसमें भी घटिया मटेरियल इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुसार किया जाता तो सड़क की गुणवत्ता को लेकर इस तरह की शिकायत नहीं आती।

संजय बड़वासनी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशन के चक्कर में सरकारी काम में घटिया निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, ये आरोप जिला पार्षद और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए हैं।

सीएम सैनी से की जांच की मांग

जिला पार्षद ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजकर सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल किए गए मटेरियल की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

एसडीओ राकेश को कॉल किया गया तो फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी जवाब नहीं आया

एसडीओ राकेश को कॉल किया गया तो फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी जवाब नहीं आया

बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो जारी रहेगा प्रदर्शन

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण को दोबारा शुरू करवाकर उसे निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं बनाया गया और मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। संजय बड़वासनी ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण दोबारा शुरू नहीं कराया जाता, तब तक ग्रामीण इसी तरह विरोध जारी रखेंगे। वहीं प्रोटेस्ट करने वाले ग्रामीणों के आरोप को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन प्रशांत और एसडीओ राकेश को कॉल किया गया तो फोन नहीं उठाया और वहीं मामले में लगातार बचते नजर आ रहे हैं।

.

खबरें और भी हैं...

  • पुलिसकर्मी ने युवक की गर्दन पकड़कर खींचा: झज्जर का युवक बोला- बाइक पर बदमाश बैठाकर फोटो खींचना चाहते थे; चाबी नहीं देने पर गालियां दीं

    झज्जर का युवक बोला- बाइक पर बदमाश बैठाकर फोटो खींचना चाहते थे; चाबी नहीं देने पर गालियां दीं|सोनीपत,Sonipat - Dainik Bhaskar0:44
    • कॉपी लिंक

    शेयर

  • नरेंद्र खत्री हत्याकांड में परिजनों का सीपी ऑफिस पर धरना: मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी मांग; परिजन- बोले कार्रवाई होने तक नहीं हटेंगे

    मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी मांग; परिजन- बोले कार्रवाई होने तक नहीं हटेंगे|सोनीपत,Sonipat - Dainik Bhaskar0:30
    • कॉपी लिंक

    शेयर

  • सोनीपत अंत्योदय मेले में लोगों को मिला योजनाओं का लाभ: 27 विभागों ने लगाए कैंप; मौके पर ही समस्याओं का हुआ समाधान

    27 विभागों ने लगाए कैंप; मौके पर ही समस्याओं का हुआ समाधान|गोहाना,Gohana - Dainik Bhaskar0:24
    • कॉपी लिंक

    शेयर

  • सोनीपत में रात को धान कटाई पर रोक: मंडियों में टोकन से ही मिलेगी एंट्री, फसल में 17 प्रतिशत ही नमी मान्य

    मंडियों में टोकन से ही मिलेगी एंट्री, फसल में 17 प्रतिशत ही नमी मान्य|गोहाना,Gohana - Dainik Bhaskar
    • कॉपी लिंक

    शेयर