world-news

Womens Asia Cup: एशिया कप के बाद ICC ने पाकिस्तानी टीम को सुनाई सजा, क्रांति गौड़ को भी झटका

September 14, 2026

Womens Asia Cup: एशिया कप के बाद ICC ने पाकिस्तानी टीम को सुनाई सजा, क्रांति गौड़ को भी झटका

एशिया कप के बाद ICC का बड़ा एक्शन. (फोटो- GETTY/PTI)

ICC Code of Conduct: दुबई में खेले गए महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब जीतने वाली भारतीय टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को बड़ा झटका लगा है. उन्हें आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अनुशासनहीनता के चलते क्रांति पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उनके रिकॉर्ड में एक डीमेरिट पॉइंट जोड़ दिया है. वहीं एक दूसरे मामले में, सेमीफाइनल मुकाबले में स्लो ओवर-रेट के लिए पाकिस्तान की महिला टीम पर भी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना ठोका गया है.

पवेलियन जाने का इशारा करना पड़ा भारी

क्रांति गौड़ के खिलाफ यह कार्रवाई श्रीलंकाई पारी के पहले ही ओवर में हुई घटना के बाद की गई. क्रांति ने पहले ओवर में श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी को बोल्ड किया. विकेट लेने के उत्साह में उन्होंने बल्लेबाज की ओर आक्रामक अंदाज में पवेलियन लौटने का इशारा किया. आईसीसी ने इसे आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन (लेवल 1) माना. यह नियम किसी बल्लेबाज के आउट होने पर ऐसी भाषा, एक्शन या इशारे करने से रोकता है जो अपमानजनक हो या बल्लेबाज को भड़का सकता है.

मैदानी अंपायर सलीमा इम्तियाज और शाथिरा जाकिर जेसी, तीसरे अंपायर रोकिया सुल्ताना और चौथे अंपायर हुमैरा फराह ने क्रांति के खिलाफ आरोप तय किए. वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज ने अपनी गलती मान ली और सजा को भी मान लिया है, जिससे सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी. नियमों के तहत लेवल-1 उल्लंघन में खिलाड़ी पर आधिकारिक फटकार से लेकर मैच फीस का ज्यादा से ज्यादा 50 प्रतिशत जुर्माना और 1 या 2 डीमेरिट अंक दिए जा सकते हैं.

स्लो ओवर-रेट के लिए पाकिस्तान टीम पर भी जुर्माना

शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में स्लो ओवर-रेट के लिए पाकिस्तानी टीम को भी सजा भुगतनी पड़ी. मैच रेफरी जी.एस. लक्ष्मी ने समय भत्ते को ध्यान में रखने के बाद पाया कि पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय सीमा में एक ओवर पीछे रह गई थी. आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के मुताबिक, निर्धारित समय में हर एक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों पर मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button