world-news

Weather Today: सितंबर की शुरुआत में बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 12 जिलों में चेतावनी जारी; जानें आपके इलाके का हाल - Haribhoomi

September 1, 2026

बिहार में सितंबर महीने की शुरुआत बारिश, आंधी और वज्रपात के साथ हुई है। मौसम विभाग ने बक्सर समेत 12 जिलों में अलर्ट जारी किया है। जानिए पूरे राज्य के मौसम का हाल।

Bihar weather today, 1 september

सितंबर की शुरुआत बारिश और वज्रपात के साथ (Ai Image)

  • Published: 01 Sep 2026, 01:17 PM IST
  • Last Updated: 01 Sep 2026, 01:17 PM IST

Bihar weather today: बिहार में सावन का महीना सूखा बीतने के बाद अब मानसून के सितंबर में भी कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश भर में सितंबर के दौरान सामान्य से 25 फीसदी कम बारिश होने की संभावना है, जबकि बिहार में यह आंकड़ा 30 से 35 प्रतिशत तक कम रह सकता है।

इसके बावजूद, सितंबर महीने का आगाज राज्य में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ हुआ है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है।

12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बक्सर, लखीसराय, खगड़िया, बेगूसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, गया, कैमूर, भोजपुर और रोहतास जैसे जिलों में भारी बारिश का येलो/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम बिहार में मौसम का मिजाज ज्यादा सक्रिय रहेगा। इसके साथ ही राज्य के कई अन्य हिस्सों में आगामी 2, 3 और 4 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। पटना मौसम केंद्र के मुताबिक पटना, गया और भोजपुर समेत आसपास के इलाकों में भी मेघगर्जन की चेतावनी दी गई है।

मुजफ्फरपुर और भागलपुर में मौसम का मिजाज
मुजफ्फरपुर जिले में अगले चार दिनों तक छिटपुट बारिश होने की संभावना है, हालांकि तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।

सोमवार को यहां तापमान में अचानक गिरावट आई और पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री लुढ़ककर 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, भागलपुर में भी सोमवार को सबौर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, और अगले दो दिनों तक छिटपुट बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

अगस्त में 45% कम बरसे बादल, पूर्णिया में जलजमाव की समस्या
पूरे राज्य में अगस्त के महीने में मानसूनी बारिश में भारी कमी दर्ज की गई है। पूर्णिया जिले की बात करें तो वहां अगस्त में सामान्य से 45 प्रतिशत कम यानी केवल 55 प्रतिशत ही बारिश हुई, जो कुल 211 मिलीमीटर दर्ज की गई। सोमवार की दोपहर पूर्णिया में अचानक झमाझम बारिश होने से लोगों को भीषण उमस और तपिश से तो राहत मिली, लेकिन जलजमाव के कारण शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ गईं।

नालों की उचित व्यवस्था न होने के कारण डॉलर हाउस चौक, प्रभात कॉलोनी, हनुमान नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, भट्टा बाजार, लाइन बाजार, रामबाग और गुलाबबाग समेत कई इलाकों की गलियों में पानी भर गया, जिससे स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।