world-news

Weather: कई राज्यों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, आंधी-तूफान की भी आशंका; दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

August 4, 2026

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कई राज्यों के लिए जिलेवार चेतावनी जारी की है। इसमें लोगों को अगले दो से तीन घंटों के दौरान आंधी-तूफान, बिजली गिरने, भारी बारिश और तेज हवाओं के बारे में आगाह किया गया है। मौसम विभाग ने पंजाब के पटियाला जिले के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसका मतलब है कि मौसम बहुत खराब होने वाला है और तुरंत कदम उठाने की जरूरत है। आईएमडी ने बिजली कड़कने, तेज हवाओं (लगभग 60 किमी/घंटा की रफ्तार) और भारी बारिश (15 मिमी/घंटा से ज्यादा) के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई है। लोगों से घर के अंदर रहने और बिना जरूरत के यात्रा न करने को कहा गया है।



पंजाब और यूपी में आज भारी बारिश के आसार


कई राज्यों के कई जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी की गई है। यहां आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, तेज रफ्तार से हवा चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की बहुत संभावना है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में, प्रभावित जिलों में अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव शामिल हैं।

विज्ञापन



इन राज्यों में भी जमकर बरसेंगे बादल


यह अलर्ट केरल में कासरगोड, कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा और उडुपी; मध्य प्रदेश में भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कलां और शिवपुरी; मणिपुर में जिरीबाम, कामजोंग, नोनी, सेनापति और तामेंगलोंग; पश्चिम बंगाल में उत्तर दिनाजपुर; नागालैंड में लोंगलेंग, मोकोकचुंग, मोन और वोखा; असम में गोलाघाट, जोरहाट, माजुली और शिवसागर; हरियाणा में अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल और कुरुक्षेत्र; और उत्तराखंड में बागेश्वर, देहरादून, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी तक भी लागू है।

विज्ञापन



लोगों से सतर्क रहने की अपील


मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम के बारे में ताज़ा जानकारी, जिसमें 'येलो अलर्ट' और ज़िले के हिसाब से तुरंत मौसम की जानकारी शामिल है, आईएमडी के आधिकारिक मौसम पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिकारी मौसम की बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और लोगों से कहा गया है कि वे आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लेते रहें।



पहाड़ी राज्यों में भी चलेंगी तेज हवाएं


मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 4-7 अगस्त के बीच बारिश के आसार हैं और इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।



दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल


दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ गई है, लोगों को तेज बारिश का इंतजार है। हालांकि, आज सुबह कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ रही हैं, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मानसून के कमजोर पड़ने के कारण झमाझम बारिश नहीं हो रही है। इसके परिणामस्वरूप, उमस और गर्मी का प्रकोप बढ़ा हुआ है। वहीं, उमस और गर्मी का ऐसा आलम रहा कि दिल्ली में सोमवार की सुबह दो साल बाद सबसे गर्म रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और सुबह व दोपहर के समय बारिश होने का अनुमान है।