
दादा पोते का इमोशनल वीडियो Image Credit source: Instagram/dada_dhanraj1933
घर से दूर जाने की तैयारी कर रहे पोते को देखकर दादा जी अपने भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए. उन्होंने पोते के चेहरे पर प्यार से हाथ फेरा और ऐसी बात कह दी, जिसने वहां मौजूद लोगों का भी दिल छू लिया. इस भावुक पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद कई लोगों को अपने दादा-दादी और उनके साथ बिताया बचपन याद आ गया.
आज के दौर में पढ़ाई, नौकरी या काम के लिए घर छोड़कर दूसरे शहर जाना आम बात है. बेहतर करियर और भविष्य की तलाश में बच्चे अक्सर अपने परिवार से दूर चले जाते हैं. उनके लिए यह जिंदगी का जरूरी हिस्सा हो सकता है, लेकिन घर पर रह जाने वाले माता-पिता और दादा-दादी के लिए यह दूरी काफी मुश्किल होती है. खासकर तब, जब घर का कोई अपना लंबे समय के लिए दूर जा रहा हो.
दादा जी ने कही दिल छू लेने वाली बात
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलता है. एक पोता काम के सिलसिले में घर से बाहर जाने की तैयारी कर रहा है. उसके पास बैठे दादा जी उसे बड़े ध्यान से देख रहे हैं. पोते के जाने का ख्याल आते ही उनके चेहरे पर उदासी नजर आने लगती है. वह कुछ देर तक उसे देखते हैं और फिर प्यार से उसके चेहरे पर हाथ फेरते हुए अपनी चिंता जाहिर करते हैं.
दादा जी कहते हैं कि तुम्हारे बिना दिल नहीं लगता, जल्दी आ जाना.” उनकी बातों में सिर्फ पोते के दूर जाने का दुख नहीं, बल्कि उसके लिए चिंता भी साफ दिखाई देती है. वह उसे आजकल के समय को लेकर सावधान रहने की बात कहते हैं और जल्द वापस आने के लिए भी कहते हैं. उनकी आवाज में वह अपनापन सुनाई देता है, जो सिर्फ परिवार के किसी बुजुर्ग की बातों में महसूस होता है. वीडियो की खास बात यह है कि इसमें कोई बड़ी घटना या ड्रामा नहीं है. बस घर से निकल रहे पोते और उसे रोकना चाहती भावनाओं से भरे दादा जी का एक छोटा-सा पल है. शायद यही वजह है कि यह वीडियो लोगों को इतना अपना लग रहा है.
यह भी पढ़ें: सड़क पर मिला Swiggy डिलीवरी पार्टनर, शख्स ने पूछा- 5 स्टार होटल चलोगे? आगे जो हुआ, उसने जीत लिया दिल
बचपन में दादा-दादी की कही बातें कई बार हमें मामूली लगती थीं. घर से निकलते वक्त उनका बार-बार समझाना, समय पर खाना खाने की हिदायत देना, पहुंचकर फोन करने को कहना या जल्दी घर लौटने की बात कहना उस समय शायद सामान्य लगता था. लेकिन जब इंसान खुद घर से दूर चला जाता है, तब उन्हीं बातों की असली कीमत समझ आती है. वीडियो देखने वाले कई लोग कमेंट्स में अपने बचपन और दादा-दादी की यादों का जिक्र कर रहे हैं. किसी को घर से बाहर जाते समय मिली नसीहतें याद आ रही हैं, तो कोई अपने दादा के साथ बिताए पुराने दिनों को याद कर रहा है.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More