
रजाउल्लाह का बाजे-गाजे के साथ स्वागत. (फोटो- GETTY)
Razaullah Grand Welcome in Islamabad: इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में 0-3 से करारी शिकस्त और वाइटवॉश झेलकर लौटी पाकिस्तानी टीम जहां चारों तरफ तीखी आलोचनाओं का सामना कर रही है, वहीं टीम के 21 साल के युवा खिलाड़ी का स्वदेश लौटने पर किसी नायक की तरह स्वागत हुआ. एजबेस्टन में अपने टेस्ट डेब्यू पर बल्ले और गेंद दोनों से तहलका मचाने वाले रजाउल्लाह जब इस्लामाबाद एयरपोर्ट पहुंचे, तो फैंस, परिजनों और दोस्तों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से इस्तकबाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
डेब्यू मैच में ही रच दिया इतिहास
निराशाजनक और विवादों से घिरे इस इंग्लैंड दौरे पर रजाउल्लाह का शानदार डेब्यू प्रदर्शन पाकिस्तान क्रिकेट के लिए इकलौती किरण बनकर उभरा. एजबेस्टन टेस्ट में गेंदबाजी की शुरुआत करते हुए उन्होंने अपने टेस्ट करियर की सिर्फ चौथी ही गेंद पर इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को आउट कर सनसनी फैला दी. वो इस पारी में कुल 4 विकेट लेने में कामयाब रहे और टीम के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए.
लेकिन असली महफिल उन्होंने बल्ले से लूटी. पहली पारी में 133 पर सिमटने वाली पाकिस्तान टीम के लिए उन्होंने दूसरी पारी में नंबर 9 पर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक पलटवार कर दिया. उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों में छक्के के साथ अपना पहला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया. रजाउल्लाह ने 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 छक्के शामिल रहे. इसी के साथ वो टेस्ट डेब्यू की एक पारी में सबसे ज्यादा 9 छक्के जड़ने वाले न्यूजीलैंड के टिम साउदी के ऑल-टाइम रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंच गए.
A GRAND WELCOME OF RAZAULLAH IN ISLAMABAD. 🇵🇰 pic.twitter.com/HU9Q2Ujx3H
— Sheri. (@CallMeSheri1_) September 15, 2026
रजाउल्लाह का हुआ ग्रैंड वेलकम
इस शानदार डेब्यू के बाद रजाउल्लाह जब पाकिस्तान पहुंचे तो उनके परिवार के सदस्य, दोस्त और क्रिकेट फैंस हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए जमा हुए, फिर उनका बाजे-गाजे के साथ स्वागत किया गया. वहीं, नारों के साथ उन्हें इस्लामाबाद एयरपोर्ट के बाहर ले जाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. भले ही पाकिस्तान 0-3 से सीरीज हार गया हो, लेकिन जो रूट का बेशकीमती विकेट और 9 छक्कों वाली 81 रनों की पारी ने रजाउल्लाह को भविष्य के सबसे बड़े मैच-विनर के रूप में स्थापित कर दिया है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More