उत्तराखंड में मानसून की बारिश एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। जगह-जगह भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
बारिश का असर पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में देखने को मिल रहा है। देहरादून के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों में नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ऋषिकेश में गंगा और चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं टौंस नदी भी चेतावनी निशान के करीब पहुंच गई है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई जगह पहाड़ों से मलबा और बड़े पत्थर सड़कों पर आ गिरने से यातायात बाधित हुआ है। ताजा जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में करीब 78 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हैं। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें मलबा हटाकर बंद रास्तों को खोलने में जुटी हुई हैं।
केदारनाथ मार्ग के काकड़ागाड क्षेत्र में मलबा आने से यातायात करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा। वहीं चमोली के कर्णप्रयाग में पेड़ और मलबा गिरने से कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराया और यातायात बहाल करने का प्रयास किया।
नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा बढ़ा
लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड की कई नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सेलाकुई क्षेत्र में स्वारना नदी के तेज बहाव के कारण एक मकान का हिस्सा बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पछुवादून क्षेत्र में टौंस नदी चेतावनी निशान को पार कर चुकी है। वहीं ऋषिकेश में गंगा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में नदी या बरसाती नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है।
खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में भारी बारिश के मद्देनजर सोमवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला भी लिया गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासकर पहाड़ी और भूस्खलन संभावित मार्गों पर बेहद सावधानी बरतने को कहा गया है। नदी, नाले और बरसाती गदेरों के पास जाने से भी लोगों को बचने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।