Published: Sunday, August 23, 2026, 10:48 [IST]
US Canada Trade War: वॉशिंगटन और ओटावा के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत टूटने के बाद अमेरिका और कनाडा के रिश्तों में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका की नई व्यापारिक शर्तों को अनुचित और कनाडा के हितों के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि कनाडा अमेरिकी दबाव में ऐसी डील स्वीकार नहीं करेगा, जिससे उसके वर्कर्स, किसान और कारोबार प्रभावित हों।
बातचीत विफल होने के बाद करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई निर्यात पर अमेरिका का नया 50 फीसदी टैरिफ लागू हो गया है। अब कनाडा ने भी जवाबी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है।
कार्नी बोले- अमेरिका ने शुरू किया ट्रेड वॉर
मार्क कार्नी ने अमेरिका पर ट्रेड वॉर शुरू करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन ने जो नई शर्तें रखी हैं, उन्हें कनाडा स्वीकार नहीं कर सकता। कार्नी के मुताबिक, इन शर्तों से कनाडा को मिलने वाले कुल आर्थिक फायदे को नुकसान पहुंचता। उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका की पेशकश स्वीकार नहीं की जाएगी और जो मांगें रखी गई हैं, उन्हें भी कनाडा पूरा नहीं करेगा। कार्नी ने कहा कि जब किसी देश पर हमला होता है तो वह युद्ध की स्थिति में होता है और कनाडा पर हमला हुआ है।
ये भी पढ़ें: 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब हमारा इलाका', ट्रंप ने मैप शेयर करते हुए किया ऐलान, बढ़ा जंग का खतरा
अमेरिका के टैरिफ का डॉलर-के-बदले-डॉलर जवाब
कनाडा ने अमेरिका के नए टैरिफ का जवाब देने की तैयारी कर ली है। प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि कनाडा अमेरिकी टैरिफ के बराबर ही जवाबी टैरिफ लगाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम कनाडा के वर्कर्स, किसानों, परिवारों और कारोबार को बचाने के लिए उठाया जा रहा है। कनाडा के नए टैरिफ मुख्य रूप से अमेरिका के स्टील और डेयरी सेक्टर को प्रभावित करेंगे। ये जवाबी शुल्क 8 सितंबर से लागू होंगे। सरकार अगले हफ्ते इनकी विस्तृत जानकारी साझा करेगी।
ये भी पढे़ं: 'ट्रंप-मोदी की दोस्ती से AI तक! अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर दिया खास संदेश
20 अरब डॉलर के सामान पर 50% अमेरिकी टैरिफ
अमेरिका और कनाडा के बीच बातचीत शुक्रवार को वॉशिंगटन में विफल हो गई। इसके बाद अमेरिका ने कनाडा से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के सामान पर 50 फीसदी का नया टैरिफ लागू कर दिया। प्रभावित उत्पादों में हॉकी स्टिक से लेकर सीमेंट तक शामिल हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर का कहना है कि वॉशिंगटन ने स्टील, एल्युमीनियम, ऑटो और लकड़ी पर टैरिफ में बड़ी कटौती का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इसके बदले कनाडा से कुछ रियायतें मांगी गई थीं।
ऑटो, स्टील और एल्युमीनियम पर राहत चाहता है कनाडा
कनाडा लंबे समय से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति से राहत की मांग कर रहा है। खासतौर पर ऑटो, स्टील और एल्युमीनियम पर लगाए गए शुल्क को लेकर ओटावा की चिंता बढ़ी हुई है। कनाडा का कहना है कि इन टैरिफ का असर उसकी अर्थव्यवस्था, कारोबार और रोजगार पर पड़ा है। वहीं, व्हाइट हाउस का आरोप है कि कनाडा अमेरिकी शराब, ऑटोमोबाइल और डेयरी उत्पादों पर ड्यूटी लगाकर अमेरिकी कंपनियों के साथ भेदभाव कर रहा है। इससे दोनों देशों के पुराने व्यापारिक रिश्तों में तनाव और बढ़ गया है।