world-news

UP Cabinet Decision: 60 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए फ्री बस, कैसे उठाए लाभ? अब बदलेगी 3 जिलों की किस्मत

August 25, 2026

Time Published: Tuesday, August 25, 2026, 20:52 [IST]

Uttar Pradesh Cabinet Decision: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

इसके साथ ही बिजनौर, उन्नाव और कानपुर देहात में तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी करने का फैसला भी हुआ है। इन परियोजनाओं में कुल 2,606.04 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्या-क्या बैठक में फैसले लिए गए?

up-cabinet-decision

UP Cabinet Decision:60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को फ्री बस यात्रा

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इस कदम से वरिष्ठ महिलाओं को आने-जाने के खर्च में राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच आसान होगी।

सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस सुविधा का रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को लाभ मिल सकता है। योजना के संचालन के लिए पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिए जाने की बात कही गई है। इस सुविधा से सरकार पर करीब 22.55 करोड़ रुपये प्रति माह का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है।

'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना' के तहत फैसला

इस योजना को 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना' के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। रक्षाबंधन से पहले लिया गया यह फैसला महिला यात्रियों के लिए सरकार की ओर से बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार पहले भी रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देती रही है।

तीन जिलों में आएगा 2,606 करोड़ रुपये का निवेश

कैबिनेट ने तीन औद्योगिक परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इन परियोजनाओं के जरिए बिजनौर, उन्नाव और कानपुर देहात में कुल 2,606.04 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Unnao में 1,573 करोड़ की परियोजना

कैनपैक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड उन्नाव में एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने की औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 1,573.62 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

यह इकाई यूपी के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) क्षेत्र में करीब 26 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित की जाएगी। कंपनी की परियोजना की अनुमानित वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 130 करोड़ यूनिट बताई गई है। कैनपैक ने पहले भी उत्तर प्रदेश में अपने नए ग्रीनफील्ड बेवरेज कैन प्लांट के लिए निवेश की घोषणा की थी।

Bijnor में फ्रेंच फ्राइज का बड़ा प्लांट

एग्रिस्टो मासा प्राइवेट लिमिटेड बिजनौर में अपनी मौजूदा आलू फ्लेक्स उत्पादन गतिविधियों का विस्तार करेगी। कंपनी फ्रेंच फ्राइज के उत्पादन में भी प्रवेश करने की योजना बना रही है।

इस परियोजना के लिए करीब 794.27 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। प्रस्तावित फ्रेंच फ्राइज इकाई की अधिकतम स्थापित क्षमता करीब 75,000 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष बताई गई है।

Kanpur Dehat में 238 करोड़ का निवेश

सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड कानपुर देहात में करीब 238.15 करोड़ रुपये के निवेश से वैल्यू एडेड प्लास्टिक और बिल्डिंग सॉल्यूशन उत्पादों का निर्माण करेगी। कंपनी की कानपुर देहात में पहले से भी विनिर्माण मौजूदगी है। उसकी आधिकारिक रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में दो विनिर्माण इकाइयों का जिक्र मिलता है।

तीन जिलों में बदल सकता है औद्योगिक माहौल

इन तीन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने से बिजनौर, उन्नाव और कानपुर देहात में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। निवेश से स्थानीय स्तर पर सप्लाई चेन, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

यानी योगी कैबिनेट के फैसले में एक तरफ 60 से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी सामाजिक कल्याण की पहल है, तो दूसरी तरफ 2,606 करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा देने की कोशिश दिखाई देती है।