यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से आतंकी संगठन 'अलकायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट' से जुड़े आतंकी मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भड़काकर मुजाहिद बनाने और पाकिस्तान के साथ मिलकर देश विरोधी साजिश रचने में जुटा था।
यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से अलकायदा के आतंकी मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया (फाइल फोटो)
- Published: 12 Sep 2026, 06:11 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 06:11 PM IST
आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ATS ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए आजमगढ़ जिले से आतंकी संगठन 'अल कायदा इंडिया सब कॉन्टिनेंट' AQIS के सक्रिय सदस्य मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया है। महमूरपुर के ग्राम चितारा निवासी नबील पर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर मुजाहिद तैयार करने, हथियार व फंड जुटाने और भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने का गंभीर आरोप है।
एडीजी अमिताभ यश ने किया नेटवर्क का खुलासा
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि एटीएस को इनपुट मिला था कि मोहम्मद नबील भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त होकर प्रतिबंधित संगठन AQIS की जहरीली विचारधारा फैला रहा है। वह सोशल मीडिया के विभिन्न एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स पर ग्रुप बनाकर युवाओं को जिहाद के लिए उकसा रहा था। प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर एटीएस थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे आजमगढ़ से धर दबोचा गया।
पेन मतलब चाकू और 'जूस' मतलब केमिकल: कोडवर्ड का जाल
तलाशी के दौरान नबील के मोबाइल फोन से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उसने अरबी भाषा में 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा था, जिसमें जुड़े सदस्यों को वह 'मुजाहिद' कहकर बुलाता था। आतंकी साजिशों को छिपाने के लिए वह कोडवर्ड का इस्तेमाल करता था—जैसे जिहादी प्लान के लिए 'प्रोजेक्ट', सफर के लिए 'ट्रिप', चाकू के लिए 'पेन' और केमिकल के लिए 'जूस'। ग्रुप में अलकायदा के मारे गए आतंकी अनवर उल अवलाकी की विवादित किताब 'जेहाद करने के 44 तरीके' और मौलाना आसिम उमर की किताबें शेयर की गई थीं।
विदेशों से संपर्क और गजवा-ए-हिन्द की साजिश
जांच में सामने आया कि नबील 'फ्लेम्स ऑफ वॉर' जैसे कई विदेशी ग्रुप्स से भी जुड़ा था, जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के संदिग्ध लोग शामिल हैं। वह पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर बम बनाने व हथियारों की ट्रेनिंग लेने की योजना बना रहा था। उसके पास से पोटैशियम नाइट्रेट जुटाने और बम बनाने की विधियों से संबंधित वीडियो मिले हैं। नबील वक्त आने पर पाकिस्तान के साथ मिलकर देश में 'गजवा-ए-हिन्द' छेड़ने की बातें भी करता था। एटीएस अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि उसके पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।