Iran President at UN: संयुक्त राष्ट्र महासभा में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका और इजराइल पर कडे आरोप लगाए. भाषण के दौरान उन्होंने मिनाब में मारे गए बच्चों और हमलों में जान गंवाने वाले ईरानी वैज्ञानिकों और नागरिकों की तस्वीरें दुनिया के सामने दिखाईं. पेजेश्कियान ने कहा कि लंबे संघर्ष का हल युद्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि जंग के मैदान से शांति नहीं आएगी.
मिनाब के एक स्कूल पर फरवरी में हुए हमले में बडी संख्या में बच्चों की मौत हुई थी. हाल में संयुक्त राष्ट्र समर्थित एक जांच मिशन ने कहा था कि उसके पास यह मानने के उचित आधार हैं कि अमेरिका के कुछ हमले युद्ध अपराध की श्रेणी में आ सकते हैं. अमेरिका ने इन निष्कर्षों को खारिज किया है.
अमेरिका पर लगाए गंभीर आरोप
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश के लोग अमेरिकी कार्रवाई के कारण पीडित हो रहे हैं. उन्होंने ट्रंप का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वॉशिंगटन उस देश को समझ नहीं रहा, जिस पर वह दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है. पेजेश्कियान ने जोर देकर कहा कि मौजूदा संघर्ष का समाधान केवल बातचीत से निकल सकता है. लंबे समय तक सैन्य टकराव जारी रहने से शांति हासिल नहीं होगी.
होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका को चेतावनी
UNGA में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि उनका देश अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट के जरिए ईरानी जहाजों की आवाजाही रोकने नहीं देगा. उन्होंने साफ किया कि तेहरान अपने समुद्री रास्तों और जहाजों की आवाजाही के अधिकार की रक्षा करेगा. क्षेत्र में इसे लेकर तनाव पहले से बना हुआ है.
एक दिन पहले ट्रंप ने दी थी कडी चेतावनी
पेजेश्कियान का बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के UN संबोधन के एक दिन बाद आया. ट्रंप ने अपने भाषण में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का बचाव किया और चेतावनी दी कि अगर संघर्ष खत्म करने के लिए समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका और कडे कदम उठा सकता है. ट्रंप ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने और बातचीत की मेज पर लौटने का भी कहा है.
बयानबाजी के बीच बातचीत भी जारी
दोनों देशों के बीच तीखी बयानबाजी के बावजूद कूटनीतिक संपर्क भी चल रहा है. ट्रंप ने बताया कि उनके दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने ईरानी अधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे बातचीत की. ट्रंप ने बैठक को अच्छा बताया, हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से शीर्ष स्तर के अधिकारी इसमें शामिल नहीं थे.
ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने ट्रंप के भाषण के दौरान किया वॉकआउट
ट्रंप जब यूएम में ईरान के खिलाफ पिछले महीनों में हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र कर रहे थे, तब वहां मौजूद ईरानी प्रतिनिधिमंडल के ज्यादातर सदस्य हॉल से बाहर चले गए. दोनों देशों की ओर से कडे बयान जारी हैं, लेकिन साथ ही बातचीत के रास्ते भी पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं.
Also Read: हिंद महासागर में ईरान करेगा धमाका? ट्रंप को चेतावनी, कहा- US जहाज निशाने पर