कोरिया के पाण्डोपारा TMC स्टोर में हुई 50 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है, चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 40 लाख का माल बरामद किया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार चोर और बरामद मशीन पार्ट्स
- Published: 29 Aug 2026, 11:03 AM IST
- Last Updated: 29 Aug 2026, 11:03 AM IST
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में थाना पटना क्षेत्र के पाण्डोपारा स्थित TMC कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपए कीमत के तांबा, पीतल और कांसा से बने मशीन पार्ट्स बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली तीन तलवारें, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।
छत की सीट उखाड़कर स्टोर में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक वारदात 21 और 22 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1:34 बजे हुई थी। स्टोर में कोयला उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के महंगे धातु पार्ट्स रखे हुए थे। आरोपियों का समूह करीब 9 से 10 लोगों का था। उन्होंने स्टोर की छत की सीट उखाड़ी और अंदर दाखिल होकर तांबा, पीतल और कांसा से बने कई महंगे मशीन पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी माल को करीब एक दिन तक बड़सरा जंगल में छिपाकर रखे रहे।
कबाड़ी को बेचा चोरी का माल
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी के माल को खपाने की योजना बनाई गई थी। आरोपियों ने चोरी का सामान चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां को बेच दिया था। कबाड़ी अपने वाहन से चोरी का माल लेने पहुंचा था। उसने कुछ सामान अपने घर में रखा, जबकि बाकी माल दूसरे कबाड़ी को बेच दिया। पुलिस के अनुसार चोरी के माल को कबाड़ियों के जरिए खपाने की इसी कड़ी से जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सुराग मिला।
CCTV और साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
TMC पण्डोपारा परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती ने 24 अगस्त को थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी हरीश राठौर और एएसपी अभिषेक सिंह के निर्देश पर थाना पटना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस चोरी के माल और उसे खरीदने वाले कबाड़ी तक पहुंची।
40 लाख के मशीन पार्ट्स समेत हथियार जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां के कब्जे से करीब 40 लाख रुपए कीमत के धातु के मशीन पार्ट्स बरामद किए। इसके अलावा तीन तलवारें, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1500 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक तलवारें आरोपियों ने वारदात के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अपने पास रखी थीं।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में किशन कुमार (24), मंगलराम उर्फ गोलू (24), करन (24) और अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पटना, चरचा और बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में पहले भी चोरी के आपराधिक मामले दर्ज हैं। चारों आरोपियों को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और शेष माल की तलाश जारी है।
चोरी के नेटवर्क की भी हो रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और चोरी का बाकी सामान कहां खपाया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने महंगे धातु पार्ट्स चोरी कर उन्हें कबाड़ियों के जरिए बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की योजना बनाई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीओपी आशा सेन एवं राजेश साहू और थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमोल खलखो सहित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने की आमजन से अपील
एसपी हरीश राठौर ने आमजन से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़ी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल करीब 50 लाख रुपए की चोरी में 40 लाख रुपए का माल बरामद हो चुका है। पुलिस की जांच जारी है और अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी के बाकी माल की बरामदगी पर फोकस है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)