sports

The Hundred: सबसे ज्यादा रन और छक्के, 7 मैच में 4 अर्धशतक, सनराइजर्स के स्टार ने बॉलिंग को किया तहस-नहस

August 9, 2026

The Hundred: सबसे ज्यादा रन और छक्के, 7 मैच में 4 अर्धशतक, सनराइजर्स के स्टार ने बॉलिंग को किया तहस-नहस

सनराइजर्स लीड्स के ओपनर मिचेल मार्श गेंदबाजों के लिए काल बने हुए हैंImage Credit source: Getty Images

सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड 2026 सीजन में अपनी सफलता के सिलसिले को जारी रखते हुए एक और जीत दर्ज कर ली. जैक क्रॉली की कप्तानी वाली सनराइजर्स लीड्स ने हंड्रेड के मेंस कम्पटीशन में अपने 7वें मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन किया और वेल्श फायर को पूरी तरह रौंदते हुए 71 रन से मैच जीत लिया. एक बार फिर सनराइजर्स की जीत के स्टार बने ऑस्ट्रेलियाई टी20 कप्तान मिचेल मार्श, जिन्हें इस सीजन में रोकना गेंदबाजों के लिए असंभव हो गया है.

मार्श समेत लीड्स के बल्लेबाजों का कहर

लीड्स के अपने होम ग्राउंड में खेल रही सनराइजर्स ने सीजन के 27वें मैच में पहले बैटिंग की और 100 गेंदों में 4 विकेट खोकर 201 रन का जबरदस्त स्कोर बनाया. यानि सनराइजर्स ने हर 1 गेंद पर 2 रन बनाए और वेल्श के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. इसमें बड़ी भूमिका निभाई ओपनर मार्श ने, जिनके बल्ले से 34 गेंदों में 50 रन निकले. उनके अलावा रायन रिकल्टन (40), कप्तान क्रॉली (34), हैरी ब्रूक (23) और डैन लॉरेंस (29) ने भी ताबड़तोड़ रन बटोरे.

मगर जहां लीड्स की पिच पर होम टीम के बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे, वहीं वेल्श फायर के बल्लेबाज अपने नाम को साकार नहीं कर सके और फायर करने के बजाए फिस्स हो गए. टीम के लिए सिर्फ मैथ्यू शॉर्ट ही कुछ हौसले के साथ बैटिंग कर सके, जिन्होंने 43 रन बनाए. मगर बाकी सभी बल्लेबाज कोई बड़ा या अहम योगदान नहीं दे सके. नतीजा ये हुआ कि 100 गेंदें खेलकर भी ये टीम सिर्फ 130 रन ही बना सकी. लीड्स के लिए ब्रायडन कार्स (3/24) और नाथन एलिस (2/18) सफलता की वजह बने.

सीजन में सबसे सफल बल्लेबाज बने मार्श

इस जीत के लिए मार्श को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जो कि इस सीजन में उनका तीसरा था. मार्श के बल्ले से हंड्रेड 2026 में लगातार आग बरस रही है. अभी तक खेले 7 मैच में वो 4 बार 50 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं. इतना ही नहीं, इन 7 मैचों में सबसे ज्यादा 374 रन बनाकर वो अभी लीग में पहले स्थान पर चल रहे हैं, जबकि सबसे ज्यादा 27 छक्के भी उनके बल्ले से ही निकले हैं. यही कारण है कि टीम अभी पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button