world-news

आपातकाल के दौरान जेल गए लोगों के लिए खास ऐलान, इस राज्य में 10 हजार रुपए मंथली पेंशन

August 9, 2026

Aug 10, 2026 01:01 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता

Follow us on Google News

share

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आपातकाल के दौरान जेल गए 325 लोगों के लिए 10,000 रुपए की मासिक पेंशन, सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और चिकित्सा सहायता की रविवार को घोषणा की।

Suvendu Adhikari

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया है बड़ा ऐलान।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आपातकाल के दौरान जेल गए 325 लोगों के लिए 10,000 रुपए की मासिक पेंशन, सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और चिकित्सा सहायता की रविवार को घोषणा की। राज्य सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने कहाकि इन लोगों ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए अनेक कष्ट सहे थे। उन्होंने कहाकि इन वीर सेनानियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। राज्य की नई सरकार इन वीर सेनानियों के आदर्शों पर ही आधारित है।

कई सुविधाएं मिलेंगी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने आपातकाल के दौरान विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के कारण जेल भेजे गए 325 लोगों को ‘पश्चिमबंग लोकतंत्र सेनानी सम्मान’ के लिए चिह्नित किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा चिन्हित किए गए इन 325 लोगों में से प्रत्येक को 10,000 रुपए की मासिक पेंशन मिलेगी और वे सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा के हकदार होंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए उन्हें 1,000 रुपए की मासिक चिकित्सा सहायता भी दी जाएगी। अधिकारी ने कहाकि यदि किसी लाभार्थी का निधन हो चुका है, तो उक्त लाभ उनके जीवनसाथी को प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहाकि नई सरकार देश के लिए बलिदान देने वाले लोगों के मूल्यों और सिद्धांतों पर बनी है।

गौरतलब है कि केंद्र की मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार 1975 में तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल की याद में हर साल 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के तौर पर मनाती है। भाजपा शासित कई राज्यों ने भी आपातकाल का विरोध करने की वजह से जेल गए लोगों को पुरस्कार और पेंशन देकर सम्मानित किया है। इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा पहली बार पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई है।

राज्यपाल का भी ऐलान

वहीं, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने रविवार को राज्य के विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध संस्थानों से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों, खासकर युवाओं से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील भी की। लोक भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, रवि ने राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों, उनसे संबद्ध महाविद्यालयों तथा संस्थानों से अगले शुक्रवार को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एकत्रित कर विभाजन की विभीषिका और बंगाल पर उसके प्रभाव को याद करने को कहा।