
Skoda की कारें हुईं महंगी, Slavia Facelift भी जल्द होगी लॉन्च
अगर आप Skoda की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो अब आपको पहले से थोड़ा ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. Skoda Auto India ने अपनी कारों की कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है. बता दें, ये नई कीमतें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी. कंपनी ने कारों की कीमत में 1.2 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है. हालांकि, हर कार और उसके अलग-अलग वेरिएंट पर बढ़ोतरी एक जैसी नहीं होगी. कंपनी के मुताबिक, कार बनाने और उन्हें चलाने में होने वाला खर्च बढ़ गया है. इसी वजह से कीमतों में यह बदलाव किया गया है.
Skoda की सेल में भी हुआ इजाफा
Skoda के लिए साल 2025 काफी अच्छा रहा. कंपनी ने इस दौरान 72,655 कारें बेचीं, जो उसके लिए एक साल में सबसे ज्यादा बिक्री थी. 2026 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून के दौरान भी कंपनी ने अब तक की सबसे ज्यादा H1 बिक्री दर्ज की. अगस्त 2026 तक Skoda भारत में 50,000 से ज्यादा कारें बेच चुकी है. पिछले साल इसी अवधि के मुकाबले कंपनी की बिक्री में 8 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है.
भारत में Skoda की ग्रोथ में Kylaq, Kushaq और Slavia जैसी कारों का बड़ा कंट्रीब्यूशन रहा है. कंपनी अब तक भारत में 2.5 लाख से ज्यादा लोकली मैन्युफैक्चर की गई कारें बेच चुकी है. इनमें अकेले Kylaq की 75,000 से ज्यादा यूनिट शामिल हैं. कंपनी ने अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए देशभर में शोरूम और सर्विस सेंटर का नेटवर्क भी बढ़ाया है. फिलहाल Skoda के 193 शहरों में 345 से ज्यादा टचपॉइंट्स हैं.
नई Slavia Facelift भी जल्द आएगी
Skoda अपनी लोकप्रिय सेडान Slavia का नया Facelift मॉडल भी जल्द लॉन्च करने वाली है. नई Skoda Slavia Facelift 6 अक्टूबर 2026 को लॉन्च होगी. इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है और इसके लिए 15,000 रुपये देकर बुकिंग की जा सकती है.
नई Slavia के लुक में भी कुछ बदलाव किए गए हैं. इसमें नए डिजाइन के हेडलैंप और टेललैंप मिलेंगे. इसके अलावा बंपर को भी थोड़ा बदला गया है. कार में नए डिजाइन के 16-इंच अलॉय व्हील दिए जाएंगे. नई Slavia में दो नए कलर भी जोड़े गए हैं. इनमें Arctic Silver और Cappuccino Beige शामिल हैं.
अंदर से भी बदली होगी कार
नई Slavia के केबिन में भी कई बदलाव देखने को मिलेंगे. इसमें नया 10.1-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा, जिसका ग्राफिक्स पहले से बेहतर होगा.इसके अलावा ड्राइवर के लिए बड़ा 10.25-इंच डिजिटल डिस्प्ले मिलेगा. पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए सीट मसाजर भी दिया जाएगा.
आगे की सीटों में पावर एडजस्टमेंट और वेंटिलेशन का फीचर मिलेगा. यानी गर्मी के मौसम में सीट को ठंडा रखने में मदद मिलेगी। कार में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto का सपोर्ट भी मिलेगा.
इंजन में क्या मिलेगा?
नई Slavia में मौजूदा पेट्रोल इंजन ही जारी रहेंगे. इसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 115bhp की पावर देता है. इसके अलावा 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प भी मिलेगा, जो 150bhp की पावर देता है.
1.0-लीटर इंजन के साथ अब नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिलेगा. इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प पहले की तरह रहेगा. वहीं 1.5-लीटर इंजन सिर्फ 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ मिलेगा. यानी नई Slavia में सबसे बड़ा बदलाव इसके लुक, फीचर्स और गियरबॉक्स में देखने को मिलेगा, जबकि इंजन के विकल्प पहले जैसे ही रहेंगे.
यह भी पढ़ें- सस्ती समझकर नजरअंदाज न करें ये हैचबैक, सेफ्टी में हासिल कर चुकी हैं 5 स्टार
Ola-Ather को टक्कर दे रहीं TVS, Bajaj और Vida, 60% के पार पहुंची हिस्सेदारी

आयुषी चतुर्वेदी
आयुषी चतुर्वेदी tv9hindi.com में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हैं. यहां बिजनेस ऑटोमोबाइल के अलावा टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती हैं. इससे पहले ET Now Swadesh Digital में Copy Editor थीं. इन्होंने अपना करियर जागरण न्यू मीडिया के साथ शुरू किया. Ayushi ने International School of Media & Entertainment Studies (ISOMES) से बैचलर ऑफ मॉस कम्युनिकेशन की डिग्री ली है. पिछले 3 साल से ये बिजनेस ऑटो टेक्नोलॉजी की खबरें कवर करती आ रही हैं. इन्हें सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाना काफी पंसद है. इन्होंने Auto, Tech में कई ऑनलाइन ऑफलाइन इवेंट भी कवर किए हैं. इन्हें ड्राइविंग और रिव्यू करना पसंद है. Ayushi को किताबें पढ़ने में रुचि हैं.
Read More