श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल की उंगली में चोट लग गई है। अभ्यास मैच में केएल राहुल कप्तानी कर रहे हैं।
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल की उंगली में चोट लग गई है।
- Published: 07 Aug 2026, 11:04 AM IST
- Last Updated: 07 Aug 2026, 11:04 AM IST
Shubman Gill injury: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज की शुरुआत से पहले टीम इंडिया श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। इस अभ्यास मैच के शुरू होने पर यह चौंकाने वाला वाकया सामने आया कि नियमित कप्तान शुभमन गिल की जगह केएल राहुल भारतीय टीम की कप्तानी करने उतरे।
प्रैक्टिस सेशन के दौरान उंगली पर लगी चोट
फैंस के मन में यह सवाल उठ रहा था कि आखिर गिल कप्तानी क्यों नहीं कर रहे हैं, जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी दी। बीसीसीआई ने बताया कि अभ्यास सत्र के दौरान शुभमन गिल की दाईं अनामिका (रिंग फिंगर) में चोट लग गई है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से ठीक पहले टीम के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
Update: Captain Shubman Gill sustained an impact injury to his right ring finger during India's practice on Thursday. As a precautionary measure, he will not take the field on Day 1 of the warm-up game against SLC XI. The BCCI Medical Team is monitoring his progress.
KL Rahul… https://t.co/Mzu2yW4OgX
— BCCI (@BCCI) August 7, 2026
बीसीसीआई मेडिकल टीम रख रही है नजर
बीसीसीआई ने साफ किया है कि गिल को एहतियात के तौर पर इस वार्म-अप मैच से बाहर रखा गया है, जिसका मतलब यह है कि वह 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मुकाबले में मैदान पर उतर सकते हैं।
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में पोस्ट किया, "अपडेट: गुरुवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान कप्तान शुभमन गिल की दाईं रिंग फिंगर में चोट लग गई। एहतियात के तौर पर वह SLC XI के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रख रही है। गिल की अनुपस्थिति में केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे।"
श्रीलंका क्रिकेट XI ने जीता टॉस, कोलंबो में हो रहा मुकाबला
अभ्यास मैच की बात करें तो श्रीलंका क्रिकेट XI ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। यह मुकाबला 7 अगस्त से कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें इस अभ्यास मैच के जरिए आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए खुद को तैयार करना चाहती हैं।
टेस्ट सीरीज और डब्ल्यूटीसी का समीकरण
आपको बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में आयोजित होगा। चूंकि भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की रेस में बनी हुई है, इसलिए टीम की कोशिश इस सीरीज में लगातार जीत दर्ज कर अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखने की होगी।