भिंड के वन विभाग के SDO रामकुमार पर पांच संतानों की जानकारी सरकारी सेवा रिकॉर्ड में छिपाने के आरोप की शिकायत के बाद मामला बढ़ गया है। शिकायत मिलने पर भिंड DFO सिरसाम ने ग्वालियर-चंबल के CCF लवित भारती को पत्र लिखकर जांच दूसरे वन मंडल के अधिकारी से कर
.
शिकायतकर्ता का दावा है कि SDO के सेवा रिकॉर्ड में केवल एक संतान का नाम दर्ज है, जबकि परिवार आईडी में अन्य संतानों के नाम भी दर्ज हैं। हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

एसडीओ फोरेस्ट रामकुमार पर लगे आरोप।
सेवा रिकॉर्ड में एक, परिवार आईडी में दो अन्य नाम का दावा
भिंड निवासी अनिल कुमार ने SDO रामकुमार के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत में दावा किया गया है कि नौकरी ज्वाइन करते समय सेवा रिकॉर्ड में केवल एक संतान शिवांगी अरोलिया का नाम दर्ज कराया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार परिवार आईडी में हिमांशी अरोलिया और वान्या अरोलिया के नाम भी दर्ज हैं। इसके अलावा शिकायत में दो अन्य संतानों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के मुताबिक, इन दोनों की शादी हो चुकी है। इनमें एक का विवाह भिंड और दूसरी का मुरैना में होने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता ने पांच संतानों के बावजूद सरकारी सेवा रिकॉर्ड में एक संतान दर्ज होने को गंभीर मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सेवा रिकॉर्ड में एक, परिवार आईडी में दो अन्य नाम का दावा
दूसरे वन मंडल के अधिकारी से होगी जांच
मामले में DFO सिरसाम ने CCF को पत्र लिखकर दूसरे वन मंडल के अधिकारी से जांच कराने का आग्रह किया है। अब दूसरे मंडल से अधिकारी तय होने के बाद जांच आगे बढ़ने की संभावना है।
जांच में SDO की सेवा पुस्तिका, नियुक्ति के समय दिए गए घोषणा-पत्र, परिवार आईडी और अन्य सरकारी रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इन दस्तावेजों के मिलान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
SDO और रेंजर के विवाद की जांच रिपोर्ट भी सौंपी
SDO रामकुमार से जुड़े एक अन्य मामले में जनविश्वास शिविर के दौरान SDO और रेंजर कृतिका शुक्ला के बीच विवाद सामने आया था। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची थीं।
DFO सिरसाम ने बताया कि इस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
लकड़ी से भरे कंटेनर का मामला भी उठा था
19 नवंबर 2025 को दबोह के अमाहा गांव से लकड़ी से भरा कंटेनर दतिया की ओर ले जाते समय इंदरगढ़ में राजस्व विभाग की टीम ने पकड़ा था। शिकायत में दावा किया गया था कि कंटेनर पकड़े जाने के करीब दो घंटे बाद भिंड से टीपी जारी की गई थी। इस मामले में तत्कालीन SDO और विभागीय कर्मचारी धीरज पांडेय की भूमिका को लेकर शिकायत हुई थी और जांच के निर्देश दिए गए थे।
DFO सिरसाम ने कहा कि इंदरगढ़ में लकड़ी से भरा कंटेनर पकड़े जाने का मामला उनके पदस्थ होने से पहले का है।
DFO ने कहा- दूसरे मंडल के अधिकारी से जांच का आग्रह
DFO सिरसाम ने बताया, “SDO रामकुमार के खिलाफ संतान संबंधी शिकायत की जांच को लेकर CCF को पत्र लिखकर दूसरे मंडल के अधिकारी से जांच कराने का आग्रह किया गया है। जनविश्वास शिविर में SDO और रेंजर पर लगाए गए आरोपों की जांच रिपोर्ट पूरी कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी गई है। इंदरगढ़ में लकड़ी से भरा कंटेनर पकड़े जाने का मामला मेरे पदस्थ होने से पहले का है।”