world-news

दिल्ली: प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के खिलाफ SC-ST एक्ट के मामले में हाई कोर्ट का नोटिस, जांच पर रोक लगाने से इनकार

October 27, 2026

दिल्ली हाई कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 3 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान दो पत्रकारों के खिलाफ दर्ज FIR के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. यह FIR सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) विवेक भगत की शिकायत पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज की गई थी. पत्रकारों पर कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप है.

जस्टिस मिनी पुष्करणा की बेंच के समक्ष मामले की सुनवाई हुई. बेंच ने एसीपी विवेक भगत की शिकायत पर महिला पत्रकार और एक अन्य पुरुष पत्रकार के खिलाफ दर्ज एससी/एसटी एक्ट के मामले में जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. याचिकाकर्ता पत्रकारों ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती दी है. हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की पुलिस जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.

पत्रकारों का याचिका पर नोटिस

सुनवाई के दौरान जस्टिस मिनी पुष्करणा ने कहा कि फिलहाल कोर्ट केवल नोटिस जारी कर रही है. दिल्ली पुलिस का जवाब आने के बाद मामले के गुण-दोष के आधार पर सुनवाई की जाएगी. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस बीच आपराधिक मामले की जांच जारी रहेगी. जस्टिस मिनी पुष्करणा ने महिला पत्रकार और एक अन्य पुरुष पत्रकार (जो ‘डिजी न्यूज़’ नामक संगठन के मालिक हैं) द्वारा दायर याचिकाओं पर नोटिस जारी किया. हाईकोर्ट ने फिलहाल कोई अंतरिम राहत नहीं दी और मामले में अगली सुनवाई 17 नवंबर के लिए तय की है.

क्या है मामला

यह विवाद 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर / बूटा सिंह चौक के पास एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुआ था, जहां महिला पत्रकार ने एक कार्यकर्ता की हिरासत का वीडियो बनाते समय एसीपी विवेक भगत पर अभद्र व्यवहार और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.

एसीपी विवेक भगत ने दर्ज कराई FIR

इसके जवाब में एसीपी विवेक भगत की शिकायत पर संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में महिला और एक पुरुष पत्रकार के खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम एवं बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धाराओं 221, 356(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई थी. उन पर अधिकारी के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप है. पत्रकारों के वकीलों का तर्क है कि एसीपी द्वारा दर्ज कराई गई यह FIR सिर्फ महिला पत्रकार को डराने और उसके द्वारा दर्ज कराई गई यौन उत्पीड़न की शिकायत (जिसकी जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है) से पीछे हटने के लिए दबाव बनाने के मकसद से की गई है.

17 नवंबर को होगी सुनवाई

मंगलवार को जस्टिस मिनी पुष्करणा की बेंच ने दिल्ली पुलिस और एसीपी विवेक भगत को नोटिस जारी किया है और मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर तय की है. कोर्ट ने फिलहाल जांच पर रोक लगाने या राहत देने से इनकार करते हुए कहा है कि पुलिस का पक्ष सुनने के बाद ही मामले की सुनवाई गुण-दोष (Merits) के आधार पर की जाएगी.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button