world-news

अवमानना का कोई इरादा नहीं था...SC से नोटिस मिलते ही संजय राउत ने मांगी माफी

October 16, 2026

अवमानना का कोई इरादा नहीं था…SC से नोटिस मिलते ही संजय राउत ने मांगी माफी

संजय राउत और सुप्रीम कोर्टImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्य कांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर आपराधिक अवमानना मामले में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने माफी मांग ली है. उन्होंने कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट को लगता है कि उन्होंने उसके खिलाफ कोई अनुचित टिप्पणी की है, तो भारतीय संविधान की रक्षा करने वाली इस संस्था से माफी मांगने में कुछ भी गलत नहीं है. संजय राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि न तो उनका और न ही उनकी पार्टी का शीर्ष अदालत की अवमानना करने का कोई इरादा था.

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को संजय राउत और वरिष्ठ पत्रकार निखिल वागले को कारण बताओ नोटिस जारी किया और कहा कि उनके खिलाफ अवमानना ​​की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए. हालांकि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने से छूट दी गई है.

संजय राउत के दावे के बाद मचा बवाल

दरअसल, सीजेआई सूर्य कांत ने हाल ही में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने से इनकार कर दिया था. कांग्रेस नेता उनसे मिलकर एसआईआर के संबंध में उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे. इसके बाद संजय राउत ने 12 अक्टूबर को ये दावा करते हुए कहा था कि उन्होंने सीजेआई सहित 60 से 70 जजों को लंदन में बीजेपी नेताओं के साथ बैडमिंटन खेलते देखा था. वहीं, पत्रकार वागले ने भी 11 अक्टूबर को अपने एक्स हैंडल पर सीजेआई के खिलाफ एक आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी. हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट को डिलीट कर दिया और सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांग ली थी.

‘न्यायपालिका को कोई भी डरा-धमका नहीं सकता’

सीजेआई सूर्यकांत ने बीते गुरुवार को कहा था कि न्यायपालिका को कोई भी डरा-धमका नहीं सकता और अदालत जानती है कि बाहर क्या बयान दिए जा रहे हैं. जस्टिस सूर्यकांत ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक किए गए मार्च से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान की थी. शीर्ष अदालत ने कहा था, ‘हम कोई अलग-थलग दुनिया में नहीं बैठे हैं. हमें पता है कि वो बाहर क्या बयान दे रहे हैं और अदालत में क्या कह रहे हैं. हमें सब कुछ पता है’.

राउत बोले- वह माफी मांगने को तैयार

जस्टिस सूर्यकांत की ये टिप्पणी राहुल गांधी, संजय राउत या समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से संबंधित होने के दावों के बीच संजय राउत ने कहा कि शीर्ष अदालत ने किसी का नाम नहीं लिया था. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरी हुआ तो वह माफी मांगने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत से माफी मांगने में कोई बुराई नहीं है.

SIR मामले में की न्याय की मांग

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) में कथित अनियमितताओं और इस मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर विपक्ष की याचिका का जिक्र करते हुए संजय राउत ने कहा कि मैंने माफी मांग ली है, लेकिन हमें न्याय दीजिए. उन 13 करोड़ मतदाताओं को न्याय दीजिए, जिनके नाम मतदाता सूचियों से हटा दिए गए हैं.

शिवसेना चुनाव चिह्न मामले में देरी पर क्या कहा?

उन्होंने अविभाजित शिवसेना के नाम और चुनाव चिह्न से जुड़े मामले की जारी सुनवाई में हो रही देरी को लेकर अपनी कुछ टिप्पणियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आपको हमारी पीड़ा समझनी होगी. साढ़े चार साल हो चुके हैं. हम शिवसेना के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर मुकदमा लड़ रहे हैं. सुनवाई के दौरान चार मुख्य न्यायाधीश (CJI) बदल चुके हैं और संविधान-विरोधी सरकार सत्ता में बैठी है. हमें न्याय दीजिए. हमारी बस यही मांग है. अगर हमारी यह मांग गलत है, तो मैं सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगता हूं.

ये भी पढ़ें: केरलम के पूर्व CM पिनराई विजयन को ED का समन, 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button