entertainment

'रोऊं या खुशी मनाऊं...' डेब्यू फिल्म की रिलीज के दिन ही Samir Soni का हुआ था पहला तलाक, माता-पिता थे अनजान - samir soni neelam kothari recalls their broken marriages actor says his divorce happened on his debut movie release

September 15, 2026

एक्टर समीर सोनी ने खुलासा किया है कि उनकी पहली शादी टूटना उनके लिए बुरा अनुभव रहा। हालांकि, उनसे ज्यादा तकलीफ नीलम कोठारी (Neelam Kothari) ने झेला था।

समीर-नीलम ने टूटी शादियों पर किया रिएक्ट। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

समीर-नीलम ने टूटी शादियों पर किया रिएक्ट। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

HighLights

  1. समीर सोनी ने अपने पहले तलाक पर तोड़ी चुप्पी

  2. नीलम के तलाक को बताया ज्यादा तकलीफदेह

  3. एक साल तक नीलम कोठारी ने नहीं की थी किसी से बात

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। समीर सोनी और नीलम कोठारी ने एक-दूसरे के साथ शादी करने से पहले एक बार तलाक का दर्द भी झेल चुके हैं। दोनों की ही पहली शादियां कुछ समय में ही टूट गईं। 

समीर सोनी ने एक हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया कि जब जिस दिन उनका तलाक हुआ, उसी दिन उनकी पहली फिल्म रिलीज होने वाली थी। वह समझ नहीं पा रहे थे कि वह रोए या फिर उस पल का आनंद लें। 

फिल्म की रिलीज वाले दिन हुआ था तलाक 

टाइम्स के साथ बातचीत में समीर सोनी ने कहा, "जिस दिन मेरी पहली फिल्म रिलीज हुई, उसी दिन मैं सुबह अपने तलाक के कागज लेने सिविल कोर्ट गया था। शाम को मेरी फिल्म का प्रीमियर था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं रोऊं या खुशी मनाऊं। वह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी रात थी।"

Samir Soni Actor

समीर सोनी ने बताया कि नसीरुद्दीन शाह को छोड़कर किसी को भी उनके तलाक का पता नहीं था, यहां तक कि उनके मात-पिता को भी नहीं। फिल्म के प्रीमियर में उनके माता-पिता भी आए थे, लेकिन उन्होंने ये बात उन्हें नहीं बताई थी। उन्होंने इसे बुरा अनुभव बताया। 

नीलम कोठारी के लिए बुरा था तलाक

समीर सोनी का कहना है कि उनकी दूसरी पत्नी नीलम कोठारी का पहला तलाक उनसे भी ज्यादा बुरा था। उन्होंने कहा, "मेरे मुकाबले उनके लिए यह ज्यादा मुश्किल था क्योंकि शादी के लिए उन्हें अपना देश छोड़ना पड़ा। एक औरत के तौर पर उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और सब कुछ त्याग दिया। वहीं, मैं अपने जोन में ही था।"

एक साल तक किसी से नहीं की थी बातचीत

नीलम कोठारी ने भी अपने तलाक का दर्द जाहिर किया। उन्होंने बताया कि तलाक के बाद जब वह अपने देश लौटीं तो उन्होंने एक साल तक खुद को दुनिया से काट लिया था। वह किसी से बात नहीं करती थी और ना ही मिलती थी। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनकी शादी टूट गई है। वह खुद को नाकाम महसूस करने लगी थीं। उन्होंने बताया कि उनके बुरे वक्त में उनके दोस्त एकता कपूर और शबीना उनका सहारा बने।

Neelam Kothari

समीर-नीलम का होता था झगड़ा

नीलम कोठारी और समीर सोनी जब मिले, तब उनके बीच भी शुरू-शुरू में नोकझोंक हुई और बात ब्रेकअप तक भी पहुंची। नीलम ने इस बारे में बताया, "एक और समस्या यह थी कि जरा सी गलतफहमी या झगड़े पर ही हम दोनों को लगता था कि 'अब कुछ नहीं हो सकता।' हम दोनों भाग जाते थे और 10 दिन बाद ही वापस आते थे। पता नहीं कितनी बार हमारा ब्रेकअप हुआ।"

आपको बता दें कि समीर सोनी ने पहली शादी राजलक्ष्मी खानविलकर से की थी, जिनसे 6 महीने में ही उनका रिश्ता टूट गया था। वहीं, नीलम ने पहली शादी बिजनेसमैन ऋषि सेठिया से की थी और एक्टिंग छोड़ लंदन में शिफ्ट हो गई थी। तलाक के बाद वह भारत आई थीं।