Updated On: Jul 11, 2026 | 10:23 PM IST
विज्ञापन
सार
S Janaki Passed Away: गायिका एस जानकी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मैसूर में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने अपने करियर में 48 हजार से अधिक गीत रिकॉर्ड किए और संगीत जगत में अमिट छाप छोड़ी।

गायिका एस जानकी (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
विस्तार
Playback Singer S Janaki Passed Away: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज पार्श्व गायिका एस जानकी का 11 जुलाई 2026 को 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मैसूर में अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि परिवार की ओर से की गई, जिसके बाद फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर फैंस, कलाकार और संगीत प्रेमी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
एस जानकी की पोती अप्सरा वैदुला ने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीरें साझा करते हुए निधन की जानकारी दी। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि उनकी दादी ने परिवार के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उन्होंने कहा कि दुनिया के लिए एस. जानकी एक महान और आइकॉनिक आवाज थीं, लेकिन परिवार के लिए वह एक स्नेही, दयालु और प्रेरणादायक दादी थीं। अप्सरा ने लोगों से इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील भी की और सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और संवेदनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
48 हजार से अधिक गीतों को दी अपनी आवाज
एस. जानकी का पूरा नाम सिस्टला जानकी था। वह केवल एक पार्श्व गायिका ही नहीं, बल्कि एक संगीतकार भी थीं। उन्होंने अपने लंबे करियर में फिल्मों, एल्बम, टीवी और रेडियो के लिए 48 हजार से अधिक गीत रिकॉर्ड किए, जो भारतीय संगीत इतिहास में एक असाधारण उपलब्धि मानी जाती है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। इसके अलावा हिंदी, संस्कृत, उड़िया, तुलु, उर्दू, पंजाबी, बंगाली और कोंकणी सहित कई भाषाओं में भी गीत गाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।
सम्बंधित ख़बरें
ये भी पढ़ें- रामायण का ट्रेलर इस दिन देगा दस्तक, रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम अवतार का बढ़ा इंतजार, फैंस में जबरदस्त उत्साह
जानकी अम्मा और कोकिला के नाम से थीं मशहूर
दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में एस. जानकी को प्यार से ‘जानकी अम्मा’ कहा जाता था। वहीं, उनकी सुरीली आवाज और गायकी की वजह से उन्हें ‘कोकिला’ की उपाधि भी मिली थी। कई दशकों तक उन्होंने अपनी आवाज से लाखों श्रोताओं का दिल जीता और भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एस. जानकी का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी आवाज, उनके सदाबहार गीत और संगीत के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
