
प्रियांक खरगे पर बरसे बीजेपी नेता BL संतोष
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने RSS का रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही थी. बी.एल. संतोष ने कहा कि RSS को अपना अस्तित्व साबित करने के लिए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संगठन लाखों लोगों के भरोसे के दम पर काम करता रहा है. ‘हिंदू जागरण वेदिके’ द्वारा आयोजित ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोष ने दावा किया कि बंटवारे के समय RSS हिंदुओं के साथ खड़ा रहा और बिना किसी औपचारिक रजिस्ट्रेशन के काम करता रहा.
उन्होंने कहा कि उस समय भी RSS रजिस्टर्ड नहीं था और आज भी नहीं है. रजिस्ट्रेशन से इसका अस्तित्व तय नहीं होता, यह लाखों लोगों के भरोसे से चलने वाला संगठन है. बी.एल. संतोष ने कहा कि देश की आजादी हजारों क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली थी, न कि सिर्फ नमक सत्याग्रह या चरखा चलाने से. न्होंने कहा, ‘हमें आजादी इसलिए मिली, क्योंकि लाखों देशभक्त युवक-युवतियों और सैनिकों ने अपनी जान दांव पर लगाकर लड़ाई लड़ी’.
‘आजादी हमें किसी ने तोहफे में नहीं दी थी’
मदन लाल ढींगरा, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जैसे क्रांतिकारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें साल का जश्न मनाते समय उनके बलिदानों को याद किया जाना चाहिए. बीजेपी महासचिव ने कहा कि आजादी हमें किसी ने तोहफे में नहीं दी थी, अंग्रेजों ने हमें बस ऐसे ही आजादी नहीं दे दी थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि किसी इलाके में हिंदू आबादी घटने से भारत के साथ जुड़ाव की भावना कमजोर हो जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी हिंदू आबादी घटती है, वहां देश-विरोधी भावना पनपने लगती है.
भारत को भारत बने रहने के लिए हिंदू बहुमत जरूरी
बेंगलुरु की शिवाजीनगर और चामराजपेट विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए संतोष ने कहा कि पिछले दो दशकों में वहां किसी भी राजनीतिक दल का कोई हिंदू उम्मीदवार नहीं जीता है. उन्होंने राजनीतिक दलों को चुनौती दी कि वो अगले चुनाव में ऐसे उम्मीदवार उतारें. उन्होंने कहा, ‘हिंदू बहुमत में क्यों रहें? किसी को हराने के लिए नहीं. हिंदू बहुमत में इसलिए रहने चाहिए, क्योंकि भारत को भारत बने रहना चाहिए’.
बीजेपी नेता ने खरगे को याद दिलाया इतिहास
उन्होंने पाकिस्तान की मांग के लिए आबादी में आए बदलावों को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि मुस्लिम लीग की राजनीतिक लामबंदी के कारण ही अंततः बंटवारा हुआ. संतोष ने यह भी कहा, ‘राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के परिवार को हैदराबाद के रजाकारों के हमलों का सामना करना पड़ा था और वो गुलबर्गा (अब कलबुर्गी) भाग गए थे. RSS के कार्यकर्ताओं ने ही उन रजाकारों का मुकाबला किया था’.
प्रियांक खरगे से बात करते हुए BJP नेता ने दावा किया, ‘आपके परिवार को गांव से भागना पड़ा था और आपके पिता (मल्लिकार्जुन खरगे) को सिर्फ वही कपड़े पहनकर भागना पड़ा था जो उन्होंने उस समय पहने हुए थे’. संतोष ने ‘अखंड भारत’ की दिशा में काम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि अखंड भारत का विचार कोई प्रशासनिक सपना नहीं है, यह एक सांस्कृतिक सपना है, यह एक राष्ट्रवादी सपना है.
‘अखंड भारत का विचार असंभव नहीं’
बीजेपी नेता ने यह भी कहा, ‘हर भारतीय को यह संकल्प लेना चाहिए कि हमारे बीच के सबसे बुजुर्ग लोग अपने जीवनकाल में अपनी आंखों से अखंड भारत को देखें. यह कोई असंभव विचार नहीं है’. उन्होंने याद दिलाया कि कैसे पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी एक हो गए और वियतनाम भी एक हो गया. संतोष ने यह भी कहा कि इज़राइल ने दुनियाभर से यहूदियों को उनकी मातृभूमि में वापस लाया और अपने देश का विकास किया. उन्होंने दावा किया कि आज भारत मजबूत हो रहा है. जो लोग भारत के बारे में बुरा सोचते हैं, वो दुनिया में कहीं भी हों, असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी पर वंदे मातरम् रोकने का आरोप, कांग्रेस की सफाई- ये गलत, नए कानून के मुताबिक गाया गया

सोनू शर्मा
TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर सीनियर सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां ट्रेंडिंग डेस्क पर काम करते हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 8 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़ा. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है
Read More