sports

Ranji Trophy: यशस्वी जायसवाल सिर्फ एक मैच खेलकर क्यों हुए बाहर? इस खिलाड़ी को मिली टीम में जगह

October 15, 2026

Ranji Trophy: यशस्वी जायसवाल सिर्फ एक मैच खेलकर क्यों हुए बाहर? इस खिलाड़ी को मिली टीम में जगह

यशस्वी जायसवाल ने मुंबई का पहला मैच खेला लेकिन फेल रहेImage Credit source: PTI

रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत हो चुकी है और ग्रुप स्टेज में पहले दौर के मुकाबले भी पूरे हो गए. पहले राउंड के मुकाबलों को खास बनाया भारतीय टेस्ट के सितारों ने, जो अपनी-अपनी घरेलू टीमों के लिए उतरे. हालांकि, उनमें से ज्यादातर अपने प्रदर्शन से कोई खास छाप नहीं छोड़ सके. भारतीय टीम के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल भी इनमें शामिल थे, जो मुंबई के पहले मैच में मैदान पर उतरे. उनके लिए हालांकि ये मैच अच्छा नहीं रहा और अब दूसरे मैच में वो टीम से अलग हो गए हैं.

पहले मैच में फेल, अब टीम से अलग यशस्वी

इस रणजी सीजन में एलीट ग्रुप डी में शामिल मुंबई का पहला मैच चंडीगढ़ से था. ये मैच मुंबई के होम ग्राउंड वानखेडे स्टेडियम में खेला गया. मैच तो मुंबई ने एक पारी और 155 रन के बड़े अंतर से बिना किसी परेशानी के अपने नाम कर लिया. मगर यशस्वी जायसवाल के लिए ये मुकाबला अच्छा नहीं रहा. एक तो उन्हें सिर्फ एक ही पारी में बल्लेबाजी का मौका मिला और उसमें भी वो खाता खोलने में नाकाम रहे थे.

अब मुंबई का अगला मुकाबला हिमाचल प्रदेश से है. ये मैच हिमाचल के बिलासपुर में खेला जाएगा, जो 18 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलेगा. मगर यशस्वी इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे. वो टीम से अलग हो चुके हैं. उनकी जगह युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. मगर जायसवाल सिर्फ एक ही मैच के बाद क्यों टीम से अलग हो गए?

इस वजह से यशस्वी ने छोड़ी टीम

असल में उन्हें ड्रॉप नहीं किया गया बल्कि जायसवाल को मजबूरी में टीम का साथ छोड़ना पड़ा. ऐसा इसलिए क्योंकि वो अब सीधे न्यूजीलैंड रवाना हो रहे हैं, जहां वो इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं. न्यूजीलैंड में वो इंडिया ए की ओर से अनौपचारिक टेस्ट मैच खेलेंगे. यहां इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच 24 अक्टूबर से 3 टेस्ट मैच की सीरीज शुरू हो रही है. जायसवाल तीनों मैच के स्क्वॉड का हिस्सा हैं, जिसमें से वो कम से कम 2 मैच जरूर खेलेंगे.

यही वजह है कि जायसवाल सिर्फ एक ही मैच खेल सके. उनके अलावा आयुष म्हात्रे भी टीम से बाहर हो चुके हैं क्योंकि वो चोटिल हैं. उनकी जगह सूर्यांश शेडगे टीम में आ गए हैं. जहां तक इंडिया ए की बात है तो सिर्फ जायसवाल ही नहीं, बल्कि केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी भी अपनी-अपनी टीम का साथ छोड़कर अब न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button