
जबलपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
Jabalpur Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि निर्माणाधीन इमारत में परिवार के साथ सो रही बच्ची को आधी रात अगवा कर लिया गया और उसके साथ गलत काम किया गया. वारदात के दौरान आरोपी ने बच्ची का चेहरा रेत में दबा दिया. बच्ची के रोने की आवाज बंद होने पर आरोपी उसे मृत समझकर फरार हो गया. हालांकि, मासूम की जान बच गई. पुलिस ने इस मामले में दमोह जिले के आशीष पटेल (28) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
आधी रात गायब हुई बच्ची
यह घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात विजय नगर थाना क्षेत्र में हुई. मजदूरी करने वाला एक परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था. रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिवार की नींद खुली तो दो साल की बच्ची गायब मिली. बच्ची के अचानक लापता होने से परिजन घबरा गए और उसकी तलाश शुरू कर दी.
ये भी पढ़ें- अपनी भाषा में छात्रों ने किया नमस्ते तो पुलिस अफसर बोले- यहीं कूट दूंगा, हो गए सस्पेंड
तलाश के दौरान बच्ची कुछ दूरी पर स्थित दूसरी निर्माणाधीन इमारत में मिली. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच और मेडिकल परीक्षण के दौरान बच्ची के साथ यौन अपराध होने के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दीं.
बच्ची को चुप कराने के लिए रेत में दबाया चेहरा
एडिशनल SP आयुष जाखड़ के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की. इसके बाद आशीष पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की. आरोपी ने बताया कि जब उसे बच्ची के परिजनों की आवाज सुनाई दी तो वह सतर्क हो गया. बच्ची लगातार रो रही थी. उसे चुप कराने के लिए उसका चेहरा रेत में दबा दिया. जब बच्ची ने रोना बंद कर दिया तो उसे मरा हुआ समझकर वहां से भाग गया. हालांकि गनीमत रही कि बच्ची की जान बच गई.
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 11 मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष पटेल जबेरा क्षेत्र का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें चोरी, घर में घुसकर वारदात करने, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. जबलपुर की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास और गृहभेदन समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. पुलिस अब आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके.
70 साल की महिला पर हमले में भी शक
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में भी आरोपी की संभावित भूमिका के संकेत मिले हैं. एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक, उसी रात करीब दो से तीन बजे के बीच एक घर में चोरी की कोशिश की गई थी. इस दौरान घर में सो रही 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने की कोशिश की गई. पुलिस को महिला के साथ भी गलत हरकत किए जाने की आशंका है. इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अलग से केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिव चौबे
शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की. इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े. वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है. इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.
Read More