रणबीर कपूर की कास्टिंग पर जारी विवाद के बीच टीवी की 'सीता' दीपिका चिखलिया उनके समर्थन में उतरी, जबकि 'श्रीकृष्ण' नीतीश भारद्वाज ने 'रामायण' को ऑस्कर जीतने वाली फिल्म बता दिया।
रणबीर कपूर की कास्टिंग पर उठे सवाल तो स्पोर्ट में उतरे टीवी के 'श्रीकृष्ण' और 'सीता'
- Published: 31 Jul 2026, 11:18 AM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 11:18 AM IST
Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। जहां एक तरफ भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर टीवी की 'सीता' दीपिका चिखलिया और 'श्रीकृष्ण' नीतीश भारद्वाज फिल्म के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।
रणबीर के समर्थन में बोलीं दीपिका
टीवी के लोकप्रिय 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभा चुकीं दीपिका चिखलिया ने एक पॉडकास्ट में रणबीर कपूर की कास्टिंग पर अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि 'Animal' जैसी फिल्म करने के बाद रणबीर भगवान राम के किरदार के लिए सही हैं या नहीं, तो उन्होंने साफ कहा कि एक अभिनेता का काम अलग-अलग तरह के किरदार निभाना होता है।
दीपिका ने कहा, "जो कलाकार 'Barfi' कर सकता है, वही 'Animal' भी कर सकता है। और जो 'Animal' कर सकता है, वह भगवान राम का किरदार भी निभा सकता है। रणबीर एक अच्छे अभिनेता हैं और उन्हें अलग-अलग तरह के रोल मिलना उनके लिए अच्छी बात है।"
हम भगवान बनकर नहीं आए थे
दीपिका ने आगे कहा कि लोग कलाकारों को उनके किरदारों से जोड़कर नहीं देखें। उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है कि मैं और अरुण गोविल भगवान बनकर धरती पर आए थे। हम भी कलाकार हैं और एक अभिनेता की पहचान उसकी अलग-अलग भूमिकाएं निभाने की क्षमता होती है।"
नीतीश भारद्वाज ने की बड़ी भविष्यवाणी
वहीं, टीवी पर श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले नीतीश भारद्वाज ने भी फिल्म के ट्रेलर की जमकर तारीफ की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "मेरी राय में 'रामायण' को बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में 100 प्रतिशत ऑस्कर मिलेगा। नितेश तिवारी भारत की ओर से वर्ल्ड सिनेमा को मिलने वाला अगला बड़ा तोहफा हैं।"
रणबीर कपूर को दी खास सलाह
नीतीश भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में रणबीर कपूर को एक सलाह भी दी। उन्होंने लिखा कि अब जब रणबीर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, तो उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से आपकी एक्टिंग का प्रशंसक रहा हूं, लेकिन अब आपको भारत की संस्कृति, मूल्यों और विरासत का भी ध्यान रखना होगा। इसलिए आगे 'Animal' जैसी फिल्में न करें, चाहे कितनी भी बड़ी रकम का ऑफर मिले। भारत में आपकी अभिनय क्षमता के लिए कई शानदार कहानियां मौजूद हैं।"
कास्टिंग पर क्या बोले- रणबीर कपूर
हाल ही में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन के दौरान रणबीर कपूर ने भी अपनी कास्टिंग को लेकर हो रही आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें भगवान राम का किरदार मिला, तो उनके मन में सबसे पहले यही सवाल आया कि क्या वह इस भूमिका के योग्य हैं।
रणबीर ने कहा कि हर व्यक्ति के मन में भगवान राम की अपनी अलग छवि होती है। ऐसे में कोई एक अभिनेता पूरी तरह सही या गलत नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, इस किरदार के लिए सबसे जरूरी बात साफ नीयत और भगवान राम के आदर्शों में विश्वास है।
दिवाली 2026 में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल, अरुण गोविल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और फैसल खान जैसे कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
यह भी पढ़े- ट्रेलर में क्यों नहीं दिखे सनी देओल? भगवान हनुमान का किरदार कब आएगा सामने? जानिए