world-news

Rajesh Khanna: राजेश खन्ना के घमंड ने बिगाड़ दिया था करियर? को-स्टार ने सुनाया सेट का चौंकाने वाला किस्सा

August 9, 2026

Tej Sapru on Rajesh Khanna: दिग्गज एक्टर तेज सप्रू चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं. हिंदी सिनेमा में विलेन से लेकर सपोर्टिंग किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले तेज सप्रू ने अब दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना से जुड़ा एक पुराना किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना ने अचानक उन्हें गाली दे दी थी, जिससे वो काफी दुखी हुए थे. हालांकि, अगले ही दिन राजेश खन्ना ने खुद आगे बढ़कर उनसे सुलह की और अपनी गलती का एहसास भी जताया.

तेज सप्रू ने राजेश खन्ना के साथ सेट पर हुई अनबन के बारे में बात की और बताया कि कैसे बाद में सुपरस्टार ने उनसे माफ़ी मांगी और सुलह कर ली. राजेश खन्ना की शख्सियत के बारे में बात करते हुए तेज सप्रू ने उन्हें विरोधाभासों से भरा इंसान बताया. उनके मुताबिक, स्टारडम के शिखर पर पहुंचने के बाद राजेश खन्ना में घमंड जरूर आया था, लेकिन इसके बावजूद वो बेहद दरियादिल इंसान थे.

राजेश खन्ना में था घमंड?

एक पॉडकास्ट पर तेज सप्रू ने कहा, “राजेश खन्ना में घमंड था. जब आप अपने करियर के शिखर पर होते हैं, तो ऐसा हो जाता है. कई बार आपसे ज्यादा आपके आसपास के लोगों के सिर घूम जाते हैं. ऐसा होता है. लेकिन साथ ही, मैंने उनसे ज्यादा दरियादिल इंसान कभी नहीं देखा.” तेज सप्रू ने इसके बाद कश्मीर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई घटना का जिक्र किया. एक्टर ने कहा, “एक घटना हुई थी जब हम साथ काम कर रहे थे. मैंने अचानक पीछे से किसी को मुझे गाली देते हुए सुना. मैं पलटा और देखा कि वो काका जी यानी राजेश खन्ना थे.

यह भी पढ़ें – 38 साल पहले आई राजेश खन्ना की वो भूतिया फिल्म, जिसने 8 हफ्ते तक बॉक्स ऑफिस पर किया था राज

को एक्टर को दीं गालियां

उन्होंने आगे कहा, “उनकी पहली फिल्म मेरे पिता डी.के. सप्रू के साथ थी. मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है. सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि हर उस इंसान के लिए जो मुझसे सीनियर है या जिसने मेरे पिता के साथ काम किया है. वो बड़ा एक्टर हो या छोटा, मैं तब तक कुर्सी पर नहीं बैठता जब तक वो बैठ न जाए. इतना सम्मान देने के बाद भी मुझे नहीं पता कि क्या हुआ कि उन्होंने पीछे से मुझे गाली दी. मैं बहुत परेशान हो गया था.”

अगले दिन बर्फबारी के बीच दोनों एक चेज सीक्वेंस की शूटिंग कर रहे थे. पिछली घटना से नाराज तेज सप्रू ने उस दिन पहली बार राजेश खन्ना को देखकर उन्हें विश नहीं किया. उन्होंने बताया, “वो पहला दिन था जब मैंने उन्हें विश नहीं किया. मैं अपनी कुर्सी पर एक पैर दूसरे पैर के ऊपर रखकर बैठ गया.” शॉट खत्म होने के बाद राजेश खन्ना खुद तेज सप्रू के पास पहुंचे और उनसे कहा, “हे, लंबे लड़के… भूल जाओ.” इस पर तेज सप्रू ने जवाब दिया, “सर, आपने मुझे बिना किसी वजह के गाली दी थी. आप ही ने मुझसे कहा था कि हम तो बस मजाक कर रहे थे.”

यह भी पढ़ें – राजेश खन्ना की हीरोइन, दो शादियां, विवादों से भरी जिंदगी अब कहां हैं फराह नाज?

10 दिन में होती थी मुलाकात

इसके बाद राजेश खन्ना ने मामला खत्म करने की कोशिश की और उन्हें अपने होटल चलने के लिए कहा. तेज सप्रू ने बताया कि इस घटना का उनके रिश्ते पर लंबे समय तक कोई असर नहीं पड़ा. बल्कि जब राजेश खन्ना के करियर का डाउनफॉल शुरू हुआ, तब भी वो उनसे मिलने जाते रहे. उन्होंने बताया, “जब उनका डाउनफॉल आया, तब खार में उनका एक ऑफिस था. अगर हर हफ्ते नहीं, तो कम से कम हर 10 दिन में मैं उनसे मिलने जाता था. उस वक्त उनकी पसंदीदा व्हिस्की रेड लेबल थी और मैं हमेशा अपने साथ एक बोतल लेकर जाता था.”

घंमड ने डुबोया करियर?

राजेश खन्ना के करियर के डाउनफॉल को लेकर भी तेज सप्रू ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि राजेश खन्ना के घमंड ने उनके पतन को कुछ हद तक जल्दी ला दिया था, खासकर जब उनकी तुलना धर्मेंद्र और जितेंद्र जैसे सितारों से की जाती है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उनका डाउनफॉल उस घमंड की वजह से जल्दी आ गया, खासकर जब धर्म जी और जीतू जी से तुलना की जाए. मुझे ऐसा ही लगा. लेकिन एक स्टार के तौर पर, मैंने कभी किसी को उस तरह की फैन फॉलोइंग के साथ नहीं देखा, जैसी उनकी थी.”

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button