Premium Tyres: भारतीय बाजार में प्रीमियम टायर कंपनी मिशेलिन ने नई Primacy 5 टायर रेंज उतारी है। जो रेंज सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पेश की गई है।
मिशेलिन प्राइमेसी 5 टायर रेंज भारत में लॉन्च
- Published: 05 Aug 2026, 07:45 PM IST
- Last Updated: 05 Aug 2026, 07:45 PM IST
Premium Tyres: प्रीमियम टायर निर्माता मिशेलिन ने भारतीय बाजार में अपनी नई Primacy 5 टायर रेंज लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस नई सीरीज को खासतौर पर सेडान, SUV और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) को ध्यान में रखते हुए विकसित किया है। बेहतर सुरक्षा, लंबी लाइफ और शानदार परफॉर्मेंस के साथ आने वाली यह टायर रेंज इस महीने से देशभर में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
16 से 22 इंच तक के विकल्प
Michelin Primacy 5 रेंज को 16 इंच से 22 इंच तक के कई साइज में पेश किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह रेंज पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी उपयुक्त है, जिससे ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलेंगे।
सुरक्षा और परफॉर्मेंस पर खास फोकस
नई Primacy 5 टायर रेंज की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेहतर वेट ग्रिप (Wet Grip) और ब्रेकिंग परफॉर्मेंस है। कंपनी के मुताबिक, नए प्रतिस्पर्धी टायरों की तुलना में यह टायर गीली सड़क पर ब्रेकिंग दूरी को 8 मीटर तक कम करते हैं। वहीं, घिसे हुए टायरों की तुलना में इसकी ब्रेकिंग दूरी 9 मीटर तक कम रहती है। इसके अलावा, Primacy 5 अपने पिछले मॉडल की तुलना में करीब 8 प्रतिशत अधिक माइलेज भी देने का दावा करती है।
कंपनी ने क्या कहा
Michelin इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर शांतनु देशपांडे ने कहा कि भारत का प्रीमियम मोबिलिटी बाजार तेजी से विकसित हो रहा है और सुरक्षित, हाई-परफॉर्मेंस तथा सस्टेनेबल टायरों की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 'Made in India' Michelin Primacy 5 को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इन टायरों का परीक्षण भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर किया गया है और इन्हें एक स्वतंत्र टेस्टिंग एजेंसी से प्रमाणित भी कराया गया है।
कीमत और उपलब्धता
Michelin ने Primacy 5 टायर रेंज की शुरुआती कीमत 10,000 रुपये रखी है। कंपनी के अनुसार, यह नई टायर रेंज इसी महीने से देशभर के अधिकृत डीलरशिप और रिटेल आउटलेट्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। बेहतर सुरक्षा, लंबी लाइफ और प्रीमियम परफॉर्मेंस की वजह से यह रेंज सेडान, SUV और EV मालिकों के लिए एक आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है।
(मंजू कुमारी)