Published: Wednesday, September 30, 2026, 11:23 [IST]
Prahaar Trailer Out: मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CST) को एक खास फिल्मी आयोजन का गवाह बना। मैडॉक फिल्म्स ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'प्रहार-द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' का ट्रेलर यहीं लॉन्च किया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम भी मौजूद रहे। फिल्म उनकी जिंदगी और 26/11 आतंकी हमलों के बाद लड़ी गई चर्चित कानूनी लड़ाई से प्रेरित है।
CST में रिलीज हुआ 'प्रहार-द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' का ट्रेलर
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए CST को चुना जाना भी अपने आप में खास रहा। मुंबई के इतिहास में इस स्टेशन की अपनी अलग पहचान है और 26/11 के आतंकी हमलों की यादों से भी इसका गहरा जुड़ाव है। फिल्म इसी भयावह घटना के बाद शुरू हुई उस लंबी कानूनी लड़ाई की कहानी को सामने लाने की कोशिश करती है, जिसमें उज्जवल निकम ने सरकारी वकील के तौर पर अहम भूमिका निभाई थी।
राजकुमार राव निभा रहे हैं उज्जवल निकम का किरदार
-फिल्म 'प्रहार' में राजकुमार राव वकील उज्जवल निकम की भूमिका में नजर आने वाले हैं। ट्रेलर में उनका किरदार एक ऐसे वकील के रूप में दिखाई देता है, जिसके सामने सिर्फ एक केस जीतने की चुनौती नहीं बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
-राजकुमार राव ने अपने किरदार को लेकर कहा कि उज्जवल निकम की भूमिका निभाना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी। उनका कहना है कि वह सिर्फ उज्जवल निकम की सार्वजनिक छवि को पर्दे पर उतारने के बजाय उनके पीछे मौजूद इंसान, उनके दृढ़ संकल्प और कर्तव्य की भावना को समझना चाहते थे। एक्टर के मुताबिक इस फिल्म पर काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा और उनकी कोशिश रही कि किरदार को पूरी संवेदनशीलता और सम्मान के साथ पेश किया जाए।
26/11 के बाद कोर्टरूम में शुरू हुई दूसरी लड़ाई
मुंबई पर हुए 26/11 के आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था लेकिन हमले के बाद चुनौती सिर्फ आतंकियों से निपटने तक सीमित नहीं रही। इसके बाद कोर्ट में शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया भी इस पूरे मामले का अहम हिस्सा बनी। फिल्म 'प्रहार' इसी पहलू पर अपना फोकस रखती है। फिल्म हमले को दोहराने के बजाय उसके बाद की घटनाओं, जांच, सबूतों और कोर्टरूम में चली कानूनी लड़ाई के बीच उज्जवल निकम की भूमिका को केंद्र में रखती है।
वामिका गब्बी भी हैं इस फिल्म का हिस्सा
-राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण धवारे ने किया है। निर्देशक ने फिल्म को सिर्फ एक चर्चित घटना की कहानी बनाने के बजाय उसके बाद सामने आए सवालों और न्याय की तलाश पर केंद्रित करने की कोशिश की है।
-अविनाश अरुण धवारे के मुताबिक फिल्म की चुनौती ये थी कि वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानी को पूरी गंभीरता के साथ पेश किया जाए लेकिन इसके साथ ही दर्शक कहानी के केंद्र में मौजूद इंसान से भी जुड़ सकें। उनका प्रयास फिल्म को मानवीय, ईमानदार और जमीन से जुड़ा रखने का रहा है।
उज्जवल निकम ने भी शेयर की अपनी बात
-फिल्म को लेकर उज्जवल निकम ने कहा कि 26/11 एक ऐसा अध्याय है जिसे मुंबई और देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने बताया कि इस मामले से उनका जुड़ाव एक बड़ी जिम्मेदारी थी क्योंकि केस से जुड़े हर सबूत, दस्तावेज और कोर्ट में रखी गई दलील के पीछे वास्तविक लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही थी।
-उज्जवल निकम के मुताबिक जब मैडॉक फिल्म्स ने उनके इस सफर को पर्दे पर उतारने की बात की तो उन्होंने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया। अब फिल्म को दर्शकों के सामने आते देखना उनके लिए भावुक पल है। उन्हें उम्मीद है कि प्रहार सिर्फ उस घटना की याद नहीं दिलाएगी बल्कि न्याय की कोशिश में हिम्मत, कर्तव्य और भरोसे की अहमियत को भी सामने रखेगी।
दिनेश विजन ने बताया CST से अपना खास रिश्ता
-मैडॉक फिल्म्स के फाउंडर और प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान CST से अपने पुराने रिश्ते को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में वह इसी स्टेशन से रोज ट्रेन पकड़कर कॉलेज जाते थे।
-26/11 के बाद उसी जगह का माहौल पूरी तरह बदल गया था। दिनेश विजन ने मुंबई के उस जज्बे को याद करते हुए कहा कि हमले के अगले दिन शहर ने दोबारा अपने काम की ओर कदम बढ़ाया। उनके मुताबिक 'प्रहार' इसी शहर की मजबूती के साथ-साथ उन लोगों को भी श्रद्धांजलि है, जिन्होंने आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई।
कब रिलीज होगी फिल्म 'प्रहार'?
दिनेश विजन और मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी 'प्रहार-द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम' मूवी अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म में राजकुमार राव, वकील उज्जवल निकम के किरदार में नजर आएंगे जबकि वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में हैं। अविनाश अरुण धवारे के निर्देशन में बनी ये फिल्म आगामी 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।