sports

कौन हैं सारांश जैन और किसकी जगह मिला है भारत की टेस्ट टीम में मौका? जानिए उनसे जुड़ी हर एक बात

July 28, 2026

कौन हैं सारांश जैन और किसकी जगह मिला है भारत की टेस्ट टीम में मौका? जानिए उनसे जुड़ी हर एक बात

Jul 28, 2026 11:11 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

Who is Saransh Jain? कौन हैं सारांश जैन और किसकी जगह उन्हें भारत की टेस्ट टीम में मौका मिला है? इसके बारे में जान लीजिए। साथ में ये भी आपको पता लगेगा कि वे कौन हैं और कहां से आते हैं।  

Saransh Jain

सारांश जैन

Who is Saransh Jain? आखिरकार एक दशक से ज्यादा समय की तपस्या एक खिलाड़ी की सफल होने जा रही है। 11 सालों से अधिक समय तक घरेलू क्रिकेट में अपना दमखम दिखाने वाले एक ऑलराउंडर को उनके डोमेस्टिक क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। 33 वर्ष की उम्र में उन्हें भारतीय सीनियर टीम से बुलावा आया है। सारांश जैन को पहली बार भारत की टेस्ट टीम में चुना गया है। सारांश जैन के बारे में हर एक बात जान लीजिए कि उनका प्रदर्शन कैसा रहा है और निजी जीवन में कितना संघर्ष उन्होंने किया है।

मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारत की टेस्ट टीम में जगह मिली है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए सिलेक्टर्स ने उन्हें चुना है। इसके पीछे की वजह यह है कि ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर चोटिल हैं। ऐसे में घरेलू क्रिकेट के अनुभवी ऑफ स्पिनर और उन्हीं की तरह बल्लेबाजी करने वाले सारांश जैन की किस्मत चमकी है।

सारांश का करियर

सारांश जैन के पिता का नाम सुबोध जैन है। सुबोध रणजी क्रिकेटर रहे हैं। 31 मार्च 1993 में मध्य प्रदेश के इंदौर में उनका जन्म हुआ था। वे राइट-आर्म ऑफ-ब्रेक स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। मध्य प्रदेश से वे डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते हैं। इसके अलावा सेंट्रल जोन, रेस्ट इंडिया और इंडिया ए के लिए भी खेल चुके हैं। व्हाइट बॉल क्रिकेट में उनके आंकड़े उतने बेहतरीन नहीं हैं, जितने रेड बॉल क्रिकेट में हैं।

सारांश ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। 2223 रन वे बना चुके हैं। इनमें 2 शतक और एक दर्जन से ज्यादा अर्धशतक शामिल हैं। बल्ले से ज्यादा उन्होंने गेंद से योगदान दिया है। इन 54 मैचों में उन्होंने 188 विकेट निकाले हैं। 10 बार फाइव विकेट हॉल भी वे प्राप्त कर चुके हैं। इतनी ही बार पारी में 4 विकेट भी उन्होंने चटकाए हैं। एक पारी में 6 विकेट उनका बेस्ट है, जबकि मैच का बेस्ट उनका 9/71 है।

ये चीज रही सिलेक्शन में एक्स फैक्टर

आपको बता दें, इंडिया ए ने हाल ही में श्रीलंका का दौरा किया था, जहां सारांश जैन का प्रदर्शन मैच विनिंग रहा था। दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में सारांश ने नाबाद 70 रन बनाए थे और मैच में कुल 6 विकेट भी झटके। श्रीलंका में ही ये टेस्ट सीरीज होनी है। इस वजह से उनकी इस हालिया फॉर्म ने सबसे बड़ा असर सिलेक्टर्स पर डाला और वह उन्हें चुनने के लिए मजबूर हो गए। इसके अलावा दलीप ट्रॉफी में उन्होंने 2 मैचों में 16 शिकार किए थे। सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक भी उन्होंने सेंट्रल जोन के लिए जड़े थे। उन्हें इसके लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था।

मध्य प्रदेश की टीम ने 2021-22 में रणजी ट्रॉफी जीती थी। उस टूर्नामेंट के उस सीजन में सारांश का बड़ा योगदान था, जहां उन्होंने नॉकआउट दौर के 3 मैचों में 13 विकेट लिए थे और मुंबई के खिलाफ फाइनल में 57 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। 2022-23 रणजी सीजन में 360 रन बनाने और 35 विकेट चटकाने के लिए उन्हें बीसीसीआई से 'लाला अमरनाथ अवॉर्ड' (बेस्ट ऑलराउंडर) भी जीता था।

सारांश का पारिवारिक संघर्ष और वो खास चिट्ठी

सारांश के पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेले हैं, लेकिन उनका सपना भारत के लिए खेलने का पूरा नहीं हुआ था, लेकिन उनके बेटे का सपना साकार होने के करीब है। पहला पड़ाव वे टीम में सिलेक्ट होकर पार कर चुके हैं। सारांश के जीवन में बहुत ही भावुक पल तब आया, जब वे अपने फर्स्ट-क्लास करियर की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए थे, तब उनके पिता को कैंसर के बारे में पता चला था। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई।

सर्जरी के बाद पिता बोलने में असमर्थ थे, इसलिए पूर्व रणजी क्रिकेटर ने एक कागज के टुकड़े पर अपने बेटे के लिए लिखा था कि 'केवल अपने क्रिकेट पर ध्यान दो'। सारांश आज भी उस नोट को अपने पास प्रेरणा के रूप में संभालकर रखते हैं। सारांश जैन का भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाना यह साबित करता है कि घरेलू क्रिकेट में निरंतर किया गया कठिन परिश्रम बेकार नहीं जाता है।

लेखक के बारे में

Vikash Gaur

विकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स

संक्षिप्त विवरण:

विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

विस्तृत बायो:

परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।

करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।

खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:

क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।

ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल

पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।

विशेषज्ञता:

क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट

और पढ़ें