'टीम इंडिया ने श्रीलंका में ऐसा नहीं किया तो…', वसीम जाफर की टेस्ट सीरीज पर बड़ी भविष्यवाणी
Jul 27, 2026 03:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
India vs Sri Lanka 2026 Tests: वसीम जाफर ने भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज की स्कोरलाइन को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। भारत को श्रीलंका की धरती पर दो टेस्ट मैच खेलने हैं।

Wasim Jaffer on IND vs SL Test Series 2026
आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे में सीमित ओवरों की सीरीज समाप्त होने के बाद भारत का फोकस अब सबसे लंबे फॉर्मेट पर होगा। भारत 19 दिन के ब्रेक के बाद श्रीलंका से दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भिड़ेगा। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल स्टेडियम में शुरू होगा जबकि दूसरा मैच 23 अगस्त से कोलंबो में आयोजित होगा। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने आगामी सीरीज को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को श्रीलंका की सरमजीं पर सीरीज 2-0 से जीतनी चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि अगर भारत ने सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ नहीं किया तो यह निराशाजनक होगा।
'श्रीलंका बहुत अच्छी टीम है लेकिन भारत…'
जाफर ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''अगर बारिश नहीं हुई तो दोनों मैचों का रिजल्ट आ सकता है। श्रीलंका में बारिश का डर लगा रहता है। भारत को यह सीरीज 2-0 से जीतना चाहिए। अगर कागज पर दोनों टीमों को देखे तो टीम इंडिया बहुत मजबूत है। उस लिहाज से अगर भारत 2-0 से नहीं जीता तो निराशाजनक होगा। हालांकि, श्रीलंका बहुत अच्छी टीम है, इसमें कोई शक नहीं। लेकिन मुझे लगता है कि भारत की टीम उससे भी ज्यादा स्ट्रॉन्ग है।'' जाफर का मानना है कि युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को और मौके मिलने चाहिए।
शुभमन गिल के लिए नंबर-4 सही पोजीशन
पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ''जहां तक साई की बात है, सभी सिलेक्टर्स और यहां तक कि कप्तान ने भी कहा है कि वे उसे लंबे समय तक मौका देना चाहते हैं। उसने हाल की सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए मेरा मानना है कि वह मौके का हकदार है। वह एक सॉलिड प्लेयर है, और वह सिर्फ बेहतर ही होगा। मुझे लगता है कि नंबर-3 की पोजीशन उसके लिए अच्छी है। कप्तान शुभमन गिल नंबर-4 पर बैटिंग कर रहे हैं और बहुत अच्छी बैटिंग कर रहा हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि टॉप चार पोजीशन जल्द ही बदलेंगी।''
कई खिलाड़ी फिटनेस समस्या से जूझ रहे
गौरतलब है कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के लिए सबसे बड़ी चुनौती फिट टीम का चयन करना है क्योंकि कई भारतीय खिलाड़ी फिटनेस संबंधी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की गॉल टेस्ट के लिए समय पर ठीक होने की संभावना नहीं है। सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी फिटनेस टेस्ट देना होगा। वह चोट लगने के कारण लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में नहीं खेल पाए थे। हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी दोनों ही श्रीलंका सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
लेखक के बारे में
Md.Akram
मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
