sports

पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क के साथ ट्रेनिंग, कौन हैं ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ नजर आए ये दो भारतीय?

July 27, 2026

पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क के साथ ट्रेनिंग, कौन हैं ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ नजर आए ये दो भारतीय?

दिग्गजों के साथ शेयर किया नेट सेशन. (फोटो- AUSTRALIA CRICKET)

Abhishek Moond And Vasudev Prasad Singh: भारत की उम्दा तेज गेंदबाजी नर्सरी यानी MRF पेस फाउंडेशन और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के तीन दशक पुराने ऐतिहासिक एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भारत के दो उभरते हुए तेज गेंदबाजों को ऑस्ट्रेलिया में यादगार अनुभव हासिल हुआ है. बिहार के 20 साल के वासुदेव प्रसाद सिंह और राजस्थान के सीकर जिले के 18 साल के अभिषेक मुंड ने ब्रिस्बेन स्थित नेशनल क्रिकेट सेंटर और एलन बॉर्डर फील्ड में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के साथ दो हफ्ते तक कड़ी प्रैक्टिस की, जो किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए एक बड़ा सपना होता है.

दिग्गजों के साथ शेयर किया नेट सेशन

छोटे शहरों से निकलकर इंटरनेशनल पर पहचान बनाने में जुटे वासुदेव और अभिषेक के लिए दुनिया के टॉप तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ नेट्स शेयर करना किसी सपने के सच होने जैसा था. एमआरएफ पेस फाउंडेशन के हेड कोच एम सेंथिलनाथन के मुताबिक, शुरुआत में दोनों युवा गेंदबाज इतने बड़े खिलाड़ियों को अपने आसपास देखकर घबराए हुए थे, लेकिन जल्द ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई पेस कल्चर और उनके प्रैक्टिस करने का ढंग को गहराई से समझा.

Great to have Indian bowlers Vasudev Prasad and Abhishek Moond in Brisbane yesterday training with the Australian Men’s Test squad as part of the reciprocal agreement with the MRF Academy program in India 🤝 pic.twitter.com/K8fORisIJO

— Cricket Australia (@CricketAus) July 23, 2026

क्या रहा खास अनुभव और सीख?

इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने देखा कि दुनिया की नंबर-1 पेस ट्रियो (कमिंस, स्टार्क, हेजलवुड) किस तरह से नेट्स में गेंदबाजी करती है, लंबी स्पेल डालने की योजना बनाती है और सबसे अहम अपने शरीर की देखभाल कैसे करती है. राजस्थान के अभिषेक मुंड ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में उन्हें अपनी बैक-ऑफ-द-लेंथ गेंदों के बजाए थोड़ा फुलर गेंदबाजी करने का अनुभव मिला. टॉप बल्लेबाजों को गेंदबाजी करने से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है.

दूसरी ओर, बिहार के लिए अंडर-19 और अंडर-23 खेल चुके वासुदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि अनुकूल परिस्थितियों में लंबी स्पेल डालने, फील्ड सेटिंग्स समझने और बल्लेबाजों के खिलाफ रणनीति बनाने का जो अनुभव यहां मिला है, वह उनके भविष्य के करियर में मील का पत्थर साबित होगा. यह हाई-परफॉर्मेस एक्सचेंज प्रोग्राम पिछले 30 से ज्यादा से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहा है, जिसने जवागल श्रीनाथ, जहीर खान, ग्लेन मैक्ग्रा और ब्रेट ली जैसे दिग्गजों के विकास में भी अहम भूमिका निभाई है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button