भाजपा की समन्वय बैठक : शिव प्रकाश की दो टूक- जिलों के प्रभारी से समन्वय बनाकर काम करें प्रभारी मंत्री
भाजपा की समन्वय बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रभारी मंत्रियों को जिलों के प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने सत्ता-संगठन के बेहतर तालमेल पर जोर दिया
- Published: 22 Jul 2026, 09:47 AM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 09:49 AM IST
रायपुर। सत्ता और संगठन के बीच समन्वय को लेकर भाजपा का राष्ट्रीय संगठन बहुत गंभीर है। यही वजह है कि राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में दो टूक कहा, जिलों के प्रभारियों के साथ मिलकर प्रभारी मंत्रियों को काम करना है।
प्रभारी मंत्रियों से हर माह जिले की कोर ग्रुप की बैठक में भी रहने को कहा गया है। समन्वय बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव को जिम्मेदारी भी दी गई है। मिशन 2028 की तैयारी के लिए पहली बार बूथ स्तर के आधा दर्जन पदाधिकारियों को पार्टी का आई कार्ड देने का भी फैसला किया गया है।
सत्ता-संगठन के तालमेल पर जोर
कोर ग्रुप की बैठक में भी सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बनाकर काम करने पर मंथन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के लिए डिप्टी सीएम अरुण साव को प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक ली।

सीएम साय समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, देव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कडेय सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी मौजूद शामिल हुए।
संगठनात्मक कार्यक्रमों पर हुई समीक्षा
बैठक में सत्ता और संगठन के बीच के तालमेल को लेकर अहम चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने को लेकर प्रदेश भर में किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इसी के साथ आने वाले समय में संत रविदास की 650 वीं जयंती को लेकर 23 जुलाई से लेकर लगातार फरवरी तक होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। इसको लेकर प्रदेश में 23 जुलाई को कार्यशाला होगी।

बूथों पर फोकस: भाजपा ने अभी से 2028 के चुनाव
को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसको लेकर तय किया गया है कि बूथ स्तर के जो भी पदाधिकारी हैं, जैसे बूथ प्रभारी, बूथ सचिव, बीएलओ-टू, महिला प्रभारी, मन की बात प्रभारी इन सभी को पार्टी का आई कार्ड दिया जाएगा। इसी के साथ बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर की बैठक में बूथों को लेकर लगातार समीक्षा होगी और कमजोर बूथों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कोर ग्रुप में भी सत्ता-संगठन के समन्वय पर चर्चा
कोर ग्रुप की बैठक में भी सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को लेकर चर्चा की गई। कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री निवास में सभी मंत्रियों की बैठक सत्ता और संगठन में तालमेल को लेकर की गई थी। इस बैठक में संगठन की तरफ से प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल हुए थे। कोर ग्रुप में इस बात को लेकर चर्चा की गई कि सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बनाकर काम करना है। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को काम करने ही नसीहत दी गई है।

हर घर तिरंगा अभियान की रणनीति
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी चर्चा की गई कि इसमें सरकार की तरफ से क्या होगा और संगठन की इसमें क्या भूमिका रहेगी। कोर ग्रुप की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरूण साव, विजय शर्मा, ओपी चौधरी, लता उसेंडी, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केदार कश्यप, अमर अग्रवाल सहित कोर ग्रुप के सदस्य शामिल हुए।
कोर ग्रुप की बैठक में रहें प्रभारी मंत्री
राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर अब हर माह बूथ लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर लगातार बैठक करने का फैसला किया गया है। इसको लेकर शिव प्रकाश ने साफ कहा, जिलों के लिए यह जरूरी है कि जिलों के प्रभारियों के साथ वहां के प्रभारी मंत्री समन्वय बनाकर काम करें। कार्यकर्ता का खास ध्यान रखना जरूरी है। कार्यकर्ताओं का काम रुकना नहीं चाहिए, उसको प्राथमिकता से किया जाए। इसी के साथ प्रभारी मंत्रियों से जिलों की कोर ग्रुप की बैठक में अनिवार्य रूप से रहने के लिए कहा गया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)