world-news

फोरलेन निर्माण को मिल चुकी है मंजूरी, एलाइनमेंट कमेटी के फैसले का इंतजार - Aurangabad (Bihar) News

October 27, 2026

.

पटना से औरंगाबाद होते हुए झारखंड के हरिहरगंज तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139 को फोरलेन बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। अब निर्माण की आगे की प्रक्रिया एनएचएआई की एलाइनमेंट कमेटी की मंजूरी पर टिकी है। कमेटी की स्वीकृति के बाद सड़क के नए एलाइनमेंट के आधार पर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा। इसके बाद जमीन अधिग्रहण, निर्माण लागत निर्धारित करने और निविदा जारी करने जैसी प्रक्रियाएं आगे बढ़ेंगी।

करीब 134 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के फोरलेन बनने से पटना, अरवल, दाउदनगर, ओबरा, औरंगाबाद और झारखंड के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। एनएच-139 दक्षिण बिहार को झारखंड से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क पर छोटे और भारी वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। कई शहरी इलाकों के बीच से गुजरने के कारण जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है। सड़क को दो लेन से चार लेन में विकसित करने की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क की उम्मीद बढ़ी है।

औरंगाबाद, अंबा व ओबरा में बाइपास पर फैसला बाकी एनएच के अधिकारियों के अनुसार सड़क के फोरलेन निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। अब इसके लिए एनएचएआई की एलाइनमेंट कमेटी से मंजूरी लेना अनिवार्य है। पूर्व में तैयार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन रद्द किया जा चुका है। नए एलाइनमेंट को मंजूरी मिलने के बाद संशोधित डीपीआर तैयार होगा।प्रस्तावित योजना में औरंगाबाद, अंबा और ओबरा में बाइपास बनाने का विकल्प शामिल है। इन स्थानों पर बाइपास बनेगा या मौजूदा सड़क को ही फोरलेन में विकसित किया जाएगा।

दाउदनगर बाइपास के लिए 136.77 करोड़ की निविदा इधर, एनएच-139 पर दाउदनगर में चार लेन के बाइपास निर्माण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 136.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बाइपास की निविदा जारी की है। इससे पहले अरवल बाइपास के लिए भी निविदा जारी की जा चुकी है। दाउदनगर बाइपास का निर्माण दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण एजेंसी को इसके बाद पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। दाउदनगर में बाइपास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। कारोबार और विकास को मिलेगी गति एनएच-139 के फोरलेन बनने से पटना और दक्षिण बिहार के विभिन्न इलाकों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा।