Delhi Yamuna River Cruise: देश की राजधानी दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. आज यमुना नदी में पहली बार रिवर क्रूज सेवा की सॉफ्ट ट्रायल शुरुआत होगी. इस सेवा को नमो यमुना रिवर्स सफारी के नाम से शुरू किया जाएगा. सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज का संचालन किया जाएगा. क्रूज में 40 मिनट तक यात्री यमुना में सफर कर सकेंगे. क्रूज में प्रति यात्री 500 रुपये किराया तय किया गया है.
एक बार में क्रूज पर अधिकतम 30 लोग सफर कर सकेंगे. शुरुआती तौर पर चार से पांच दिन तक ट्रायल किया जाएगा, जिसके बाद क्रूज सेवा का औपचारिक उद्घाटन होगा. इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को यमुना नदी से राजधानी की ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरत नजारे देखने का नया अनुभव देना है.
नदी किनारे मनोरंजन की नई संभावनाएं
पर्यावरण अनुकूल इस पहल को यमुना रिवरफ्रंट के विकास और नदी किनारे मनोरंजन की नई संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. यमुना नदी, जिसे नेशनल वॉटरवे 110 (NW-110) कहा जाता है. दिल्ली के जगतपुर से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक 1,080 किलोमीटर तक फैली हुई है. पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज मंत्रालय सोनिया विहार और जगतपुर के बीच 6 से 7 km के राउंड-ट्रिप कॉरिडोर पर सुविधाएं बना रहा है.
दिल्ली सरकार के कई विभागों से MOU साइन
ऐसा इलिए किया जा रहा है, ताकि कम दूरी के शहरी टूरिज्म और इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दिया जा सके. इस प्रोजेक्ट को आसान बनाने के लिए, इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) ने दिल्ली सरकार के कई डिपार्टमेंट के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग यानी एमओयू साइन किया है, जिसमें इरिगेशन और फ्लड कंट्रोल, दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन शामिल हैं. सभी का फोकस दिल्ली में क्रूज टूरिज्म को बढ़ावा देने पर है.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More